दशहरा और दिवाली गिफ्टः इस राज्य में संविदा मनरेगा कर्मचारियों के लिए हुई अहम घोषणाएं…आकस्मिक अवकाश के साथ ही एचआर पॉलिसी में ये होगी सुविधाएं, छत्तीसगढ़ में भी चल रही मांग

लखनऊ, रायपुर, 5 अक्टूबर 2021। उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले संविदा में तैनात मनरेगा कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणाएं की है। मनरेगा कर्मचारियों का न केवल मानदेय बढ़ाया जाएगा बल्कि नई एचआर पॉलिसी लाई जा रही है। ज्ञातव्य है, छत्तीसगढ़ के मनरेगा कर्मियों की इससे उम्मीदें बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ में इसको लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मनरेगा के ग्राम रोजगार सेवकों सहित मनरेगा के संविदा कर्मियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा करते हुए विजयदशमी और दीपावली पर सौगात की बरसात की। सोमवार को वृंदावन विहार योजना स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित मनरेगा कर्मियों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने अक्तूबर माह से ही मानदेय बढ़ाने के साथ मनरेगा के संविदा कर्मियों के लिए एचआर पॉलिसी लागू कर उन्हें एक वर्ष में 24 दिन आकस्मिक अवकाश और 12 दिन चिकित्सा अवकाश की सुविधा देने की घोषणा की। हजारों मनरेगा कर्मियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने मनरेगा कर्मियों के जॉब चार्ट में ग्राम्य विकास विभाग के अन्य कार्यों को भी शामिल करने और ग्राम रोजगार सेवकों की सेवा समाप्ति से पहले उपायुक्त मनरेगा की की सहमति को अनिवार्य करने की घोषणा की।
