Begin typing your search above and press return to search.

Surajpur District: सूरजपुर जिले को जानिए, सूरजपुर जिले का इतिहास और सामान्य परिचय

Surajpur District: सूरजपुर जिले को जानिए, सूरजपुर जिले का इतिहास और सामान्य परिचय
X
By NPG News

Surajpur District:; सूरजपुर जिला छत्तीसगढ़ के उत्तर में स्थित है। यह सरगुजा संभाग के अंतर्गत आता है। तामोर पिंगला सूरजपुर का प्रमुख पर्यटन स्थल है। जिले में यूरेनियम के अकूत भंडार होने का अनुमान है। यहां का रकसगंडा जलप्रपात मध्य प्रदेश के 'भेड़ाघाट' जैसा खूबसूरत है। वहीं जिले के कैनापारा में खूबसूरत फ्लोटिंग रेस्टोरेंट है। यहाँ महामाया मंदिर है जिसे श्रद्धालु तीर्थ मानते हैं। जिले के केरता में छत्तीसगढ़ का प्रमुख शक्कर कारखाना माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना स्थित है। सूरजपुर के बारे में और अधिक जानकारी आपको इस लेख में मिलेगी।

जिले का इतिहास

सूरजपुर जिले का गठन 1 जनवरी 2012 को हुआ। प्रशासनिक सुविधा के लिए सरगुजा जिले का विभाजन कर सूरजपुर जिला गठित किया गया। सूरजपुर को पहले "दंदबुल्ला" के नाम से जाना जाता था, जिसे बाद में "सूर्यपुर" कहा गया और अब यह सूरजपुर कहलाता है।

जिले की प्रशासनिक जानकारी

सूरजपुर जिले का क्षेत्रफल 2786.76 वर्ग किमी है। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की आबादी 789043 है। इसके अंतर्गत 7 तहसील, 6 विकासखंड एक नगर पालिका परिषद और 547 गांव हैं। सूरजपुर जिला मुख्यालय भी है।

कृषि

सूरजपुर में चावल, मक्का, गन्ना, मूंगफली, दाल, रामतिल, गेहूं, चना, मटर, सरसों, मसूर, तिवड़ा आदि की पैदावार प्रमुख रूप से होती है। आलू और प्याज भी बड़े पैमाने पर उगाए जाते हैं। बागवानी भी यहां बड़े पैमाने पर होती है।

अर्थव्यवस्था

सूरजपुर में कोयले और यूरेनियम के भंडार हैं। विश्रामपुर, रामकेला,प्रतापपुर प्रमुख कोयला क्षेत्र हैं। वहीं सूरजपुर. सारासोर और प्रतापपुर प्रमुख यूरेनियम क्षेत्र हैं।

शक्कर, तंबाकू, सूती, रेशमी और कृत्रिम धागे, मिट्टी के सामान, रबड़ से निर्मित सामान, लकड़ी और वनोपज, चमड़े से बनी वस्तुएं, लोहे की मशीनरी आदि के कारखाने भी यहाँ हैं।

एसईसीएल का उपमुख्यालय भी यहाँ है।

जिले के शिक्षा संस्थान

प्रमुख काॅलेज

पशुचिकित्सा काॅलेज

पॉलिटेक्निक कॉलेज

लाइवलीहुड कॉलेज

शासकीय आई.टी.आई.

शासकीय कालीदास कॉलेज

शासकीय रेवतीरमण मिश्र पी जी कॉलेज

नवीन कॉलेज आदि

प्रमुख स्कूल

नवोदय विद्यालय

शासकीय आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय

सूर्य कान्त त्रिपाठी निराला विद्यालय

पंडित विश्वनाथ विद्यालय

सरस्वती शिशु मन्दिर

साधू राम विद्या मन्दिर

दयानंद एंग्लो वैदिक पब्लिक स्कूल

ग्लोबल पब्लिक स्कूल

माउंट हिल पब्लिक स्कूल आदि

अस्पताल

जिला अस्पताल सूरजपुर

लाइफ केयर हॉस्पिटल

वीवाई केयर हॉस्पिटल

स्पेशियलाइज़्ड थेरपी सेंटर

विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आदि

जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल

तमोर पिंगला अभ्यारण्य

यह अभ्यारण्य तमोर हिल्स में स्थित है और पिंगला नदी इस पहाड़ी से बहती है, इसलिए इसे तामोर पिंगला नाम दिया गया।यह अभ्यारण्य 608.52 वर्ग किमी क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसकी स्थापना 1978 में की गई। इसमें मुख्यत: शेर तेन्दुआ, सांभर, चीतल, नीलगाय, चिंकारा, गौर, जंगली सुअर, भालू, सोनकुत्ता, बंदर, खरगोश, गिलहरी, सियार, नेवला, लोमड़ी , तीतर, बटेर, चमगादड आदि मिलते हैं।

पास की पहाड़ियों पर देवी पिंगला का मंदिर है। पहाड़ियों के बीच एक छोटी जलधारा भी बहती है जो बेहद सुंदर है। इसके अलावा यहां रंगीन मछलियों से भरा एक तालाब है जो पर्यटकों को आकर्षित करता है।अभयारण्य के अन्य दर्शनीय स्थलों में 'बेंगाची पहाड', लेफरी घाट, सुईलना, घोड़ापाट, माल्हन देवी स्थल आदि शामिल हैं।

कुदरगढ़

कुदरगढ़ जिले का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यह जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर की दूरी पर ओडगी ब्लॉक में स्थित है। यहां 17 वीं शताब्दी में पत्थरों को काटकर बनाया गया मंदिर है। बताते हैं कि यहाँ देवी की मूर्ति कुदरती रूप में प्रकट हुई थी इसलिए इसका नाम कुदरगढ़ी पड़ा। यहां कपिल धारा नाम का एक झरना है, जिसकी ऊंचाई 50-60 फीट है।

महामाया मंदिर

महामाया मंदिर एक बहुत ही प्राचीन मंदिर है। लोगों को महामाया देवी पर अटूट विश्वास है| नवरात्रि के अवसर पर यहाँ मेले का आयोजन किया जाता है,जिसमें शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रृद्धालु आते हैं। इस अवसर पर दैनिक मुफ्त बस सेवा भी उपलब्ध होती है।

रकासगंडा वाटर फॉल

रकसगंडा फॉल ओडगी ब्लॉक के नवगई गांव में स्थित है। यहाँ रिहंद नदी का पानी 50 फीट की ऊँचाई से गिरता है और बहुत सुंदर दृश्य का निर्माण करता है। यह एक प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट है। इसे सूरजपुर के भेड़ाघाट के रूप में जाना जाता है।

कैसे पहुँचे

प्लेन से

सूरजपुर के लिए निकटतम हवाई अड्डा राज्य की राजधानी रायपुर में स्थित विवेकानंद हवाई अड्डा है।

ट्रेन से

सूरजपुर रेलवे स्टेशन शहर के केंद्र से 6 किमी (3.7 मील) दूर है। विभिन्न ट्रेनों के द्वारा इसकी कनेक्टिविटी अच्छी है।

सड़क मार्ग से

NH-43 (गुलगंज से चाईबासा) जिले से होकर गुजरता है। अंतर-राज्यीय सड़कों का भी अच्छा जाल है।

Next Story