
रांची 29 मार्च 2022. राजधानी के एसएसपी कार्यालय में कार्यरत लिपिक (क्लर्क) को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने यह कार्रवाई एसएसपी के कचहरी स्थित कार्यालय में की है. क्लर्क दीपक कुमार, शैलेंद्र कुमार पांडे नाम के एक व्यक्ति से 5 हजार रुपये रिश्वत की डिमांड कर रहा था. जिसकी शिकायत एसीबी को की गई थी. मामले में उचित सबूत मिलने के बाद एसीबी ने यह कार्रवाई की है.
एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) रिश्वत लेने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. रिश्वत लेने की शिकायत जैसे ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को मिलती है. इसकी पुष्टि के बाद उसकी गिरफ्तारी को लेकर जाल बिछाया जाता है. इसके बाद उसे रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया जाता है. आज मंगलवार को रांची एसीबी की टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद रांची एसएसपी ऑफिस के क्लर्क दीपक को 5 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.
आपको बता दें कि रांची के समाहरणालय में रांची एसएसपी का कार्यालय है. इसी ऑफिस में दीपक क्लर्क है. एसीबी को इसके द्वारा घूस मांगे जाने की शिकायत मिली थी. शिकायत की पुष्टि करने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी दीपक को रिश्वत के पैसों के साथ अरेस्ट कर लिया. एसीबी की टीम उससे पूछताछ कर रही है.
