
बिलासपुर 1 नवम्बर 2021। फिटनेस व चुस्ती फुर्ती बनाये रखने के लिए बिलासपुर पुलिस लाइन में पदस्थ अधिकारी व कर्मचारी सप्ताह में एक दिन 5 किलोमीटर की दौड़ लगाएंगे। आज से इसकी शुरुवात भी हो गयी हैं। आज कोटा भरनी मार्ग में 72 पुलिसकर्मियों ने 5 किलोमीटर की दौड़/ चाल पूरी की। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने एक आदेश जारी कर सुबह व रात्रि गणना में लाइन में पदस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। हालांकि सुबह शाम की गणना में शामिल होने का नियम तो पूर्व से ही था,पर ढिलाई के चलते कुछ पुलिस कर्मी गणना में शामिल नही हो रहे थे। अब तक यह धारणा थी कि लाइन में पदस्थापना को आराम की ड्यूटी मानी जाती थी। पुलिसकर्मी पेशी या अन्य कोई ड्यूटी लगाए जाने पर ही आते थे बाकी टाइम आराम फरमाते थे। गणना में भी गिनती के पुलिसकर्मी ही शामिल होते थे। लाइन में पदस्थ थानेदार तो फार्मेलिटी के लिये कभी कभार ही गणना में आ जाते थे। इन सब को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने आदेश जारी कर लाइन के सभी अधिकारी व कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए बकायदा दोनो टाइम होने वाली गणना में शामिल अधिकारीयो व जवानों का फ़ोटो ले कर पिक्स सेंड करने के निर्देश कप्तान द्वारा दिये गए हैं।
कप्तान दोनो टाइम की पिक्स देख कर यह सुनिश्चित करते हैं कि कौन कौन जवान और अधिकारी गणना के समय उपस्थित था। कप्तान द्वारा सीधे सुपरविजन करने के कारण सभी अधिकारी व कर्मचारी गणना में पहुँच जाते हैं। लाइन में पदस्थापना के दौरान लाइन से 8 किलोमीटर की परिधि में रहने का नियम हैं, जिससे कि किसी भी आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर तुरन्त ही लाइन पहुँचा जा सके। कई पुलिसकर्मियों के द्वारा पहले दूर रहने का बहाना कर गणना में नही आते थे। जिससे होता यह था कि इमरजेंसी ड्यूटी में फोन कर पुलिस कर्मियो को बुलाना पड़ता था जिससे पुलिस कर्मियों को लाइन में आने में टाइम लगता था। पर अब सीधे कप्तान के निगरानी के कारण एसे पुलिसकर्मियों को भी रोजाना दोनो टाइम के गणना में हाजिरी देनी पड़ रही हैं और इससे फायदा यह हैं कि किसी भी आपात स्थिति में ड्यूटी के लिए तत्काल ही जवान उपलब्ध हो जा रहे हैं। इससे पुलिस कर्मियों में यह धारणा भी खत्म हुई कि लाइन में रह कर आराम किया जा सकता है।
इसके अलावा पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस रविवार से लाइन में पदस्थ पुलिस कर्मियों के 5 किलोमीटर दौड़/ चाल करवाने के निर्देश पुलिस अधीक्षक ने दिये हैं। आदेश के मद्देनजर आज सुबह कोटा भरनी मार्ग पर लाइन के 72 अधिकारी कर्मचारियों को 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई थी।
एसपी दीपक झा बोले- " पुलिस लाइन में गणना के नियम शुरू से ही है जिसका पालन करने व गणना में उपस्थिति सुनिश्चित करवाने हेतु यह व्यवस्था लागू की गई हैं ताकि आपात स्थिति में तुरन्त ही बल उपलब्ध हो सके। पुलीस कर्मियों की फिटनेस ठीक रखने व उन्हें सक्रिय रखने के लिये सप्ताह में 5 किलोमीटर की दौड़/ चाल के आदेश दिए गए हैं।"
