
बिलासपुर 15 मार्च 2022- स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 का आगाज हो चुका है और नगर पालिक निगम बिलासपुर इसकी तैयारियों में जुट गया है। इसी तारतम्य में आज रिवर व्यू में नगर पालिक निगम द्वारा नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के ज़रिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए प्रेरित किया गया । इस दौरान उपस्थित जन समूह ने शपथ लिया की आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में हम सब मिलकर बिलासपुर को नंबर वन बनाएंगे तथा अस्वच्छता के ख़िलाफ इस जंग में अपनी सहभागिता देंगे।
शाम को आयोजित कार्यक्रम में होरिजन डेंटल काॅलेज के छात्रों की विशेष प्रस्तुति और अनिमेष के संगीत ने सभी का मन मोह लिया,कार्यक्रम के ज़रिए यह संदेश दिया गया की अपने घर के साथ ही साथ अपने आस-पास को भी साफ रखना ज़रूरी है। इसके साथ ही शहर के मुख्य मार्गों, सार्वजनिक जगहों में गंदगी कर हम खुद की ही छवि को गंदा करते है.इसलिए मार्ग और सार्वजनिक स्थानों पर खुद भी और दूसरों को भी गंदगी करने से रोंके। इसके अलावा कार्यक्रम के ज़रिए यह भी संदेश दिया गया की स्वच्छ सर्वेक्षण में हम तब तक अव्वल नहीं आ सकते जब तक इसमें आमजनों की सहभागिता ना हों। इसलिए अस्वच्छता के ख़िलाफ इस जंग में सभी का सहयोग आवश्यक है। आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में 94.3 माय एफ एम का विशेष सहयोग रहा,आरजे शिवम और आरजे भारती जो स्वच्छता की ब्राण्ड एंबेसडर है,विशेष तौर पर उपस्थित रहें। इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए निगम की ओर से बनाए गए ब्रांड एंबेस्डर जिसमें श्री अखिलेश वाजपेयी,श्री प्रकाश सोंथालिया,श्री नवदीप अरोरा,श्री श्याममोहन दुबे,श्री नीरज गेमनानी समेत निगम की टीम उपस्थित रही।
