Begin typing your search above and press return to search.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिए 309 करोड़ के 186 विकास कार्यों की सौगात, बनेंगे कई सड़कें और पुल-पुलिया...

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिए 309 करोड़ के 186 विकास कार्यों की सौगात, बनेंगे कई सड़कें और पुल-पुलिया...
X
By Gopal Rao

रायपुर 23 सितंबर 2023। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले के भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में क्षेत्रवासियों को 309 करोड़ 56 लाख 88 हजार रूपए के 186 विकास कार्यों की सौगात दिया। इन विकास कार्यों में 241 करोड़ 59 लाख रूपए की लागत के 123 कार्यों का भूमिपूजन तथा 67 करोड़ 97 लाख रूपए की लागत के 63 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। कार्यक्रम मेंप्रियंका गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। महिला समृद्धि सम्मेलन में मुख्यमंत्री जिन नये विकास कार्यों का लोकार्पण किए, उनमें प्रधानमंत्री सड़क योजना अंतर्गत 3.74 करोड़ की लागत से पाटन विधानसभा क्षेत्र के 2 सड़कों, 1.21 करोड़ की लागत से निर्मित 30 स्कूल भवन, 4.65 करोड़ की लागत से शासकीय महाविद्यालय जामुल के भवन सहित कुल 8.23 करोड़ की लागत के 5 निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसी प्रकार 25.19 करोड़ रूपए की लागत से 5 पुलों - जिसमें 5.36 करोड़ रूपए की लागत से डगनिया नाला पर पुल, 4.55 करोड़ की लागत से भानपुरी-कोड़िया मार्ग में नाला पर और 2.96 करोड़ रूपए की लागत से पाउवारा नाला तथा 3.80 करोड़ की लागत से चिरपोटी कातरो मार्ग में उच्च स्तरीय पुल, 8.50 करोड़ रूपए की लागत से तांदुला नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।


12 सड़क और 2 हाईस्कूल भवन का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम में 82.49 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 12 सड़क और 2 हाईस्कूल भवन निर्माण के कार्यों का भी भूमिपूजन किया। जिसमें कुरूदडीह-बटंग-खम्हरिया तथा पान्हदा में सड़क, पान्हदा से अम्लेश्वर मार्ग, बटंग से नारधी, बेलौदी से दरबारमोखली, फुण्डा से अचानकपुर, खपरी बायपास मार्ग, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में शमशान घाट पहुंच मार्ग और चन्दखुरी-दमादपारा, सांकरा-कंडरका मार्ग, ब्रम्हकुमारी आनंद सरोवर बायपास, ग्राम ढाबा मुर्रा पहुंचमार्ग, ग्राम कपसदा सांकरा बायपास निर्माण कार्यों सहित स्कूल भवन निर्माण का भूमिपूजन किया । इसी प्रकार 21.59 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 5 पुलों जिसमें 10.29 करोड़ रूपए की लागत से चिंगरी आलबरस में तान्दुला नदी में उच्च स्तरीय पुल, कुम्हारी-परसदा अम्लेश्वर मार्ग में मध्यम पुल, कुगदा कुरूदडीह मोतीपुर मार्ग में मध्यम पुल, घोटवानी से मुड़पार मार्ग में कुलछुरी नाला पर उच्च स्तरीय पुल, पोटिया से बडेटेमरी मार्ग में पोटिया नाला पर उच्च स्तरीय पुल का भूमिपूजन किया।

महतारी सांस्कृतिक संवर्धन योजना लागू

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन केंद्रों को संवारने छत्तीसगढ़ महतारी सांस्कृतिक संवर्धन योजना लागू करने की घोषणा भी की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समाज में हमेशा महिलाओं को सम्मान मिला है। लैंगिक अनुपात के मामले में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्य रहा है। पुरुषों और महिलाओं के बराबरी के सहयोग से यहां सभी काम होते हैं। महिलाएं तो घर भी देखती हैं और बाहर भी काम करती हैं। हमने सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनाईं। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया। मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका का मानदेय बढ़ाया। कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की। स्वसहायता समूहों की कर्ज की सीमा बढ़ाई। उनका कर्ज भी हमने माफ किया।


हमने संवारी छत्तीसगढ़ की संस्कृतिः भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अभी प्रियंका जी ने स्टाल में देखा कि किस तरह से काम छत्तीसगढ़ में हो रहा है। बीपीओ खोले गये हैं। गारमेंट फैक्ट्री खोली गई है। कैसे आर्थिक संपन्नता आये, इस बात का प्रयास हम करते हैं। हमने तीज त्योहारों और अन्य स्थानीय त्योहारों पर अवकाश आरंभ किया। मुख्यमंत्री निवास में तीज त्योहार मनाया। बोरे बासी को सम्मान देने का काम हमने किया। हमारे खानपान की परंपराओं का सम्मान हमने किया। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति कलेक्ट्रेट में लगाई। राजगीत को अपनाया। चाहे माडल जैतखंभ बनाने का काम हो, कृष्ण कुंज बनाने का काम हो। राम वनगमन परिपथ बनाने का काम हो। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को संवारने का काम हमने किया है।

महिला सशक्तिकरण अनोखी पहल

महिला समृद्धि सम्मेलन कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रियंका गांधी ने अवलोकन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के समग्र विकास के लिए चलाई जा रही नवाचारी योजनाओं की सराहना की और इसे अनुकरणीय बताया। दुर्ग जिले के भिलाई नगर स्थित जयंती स्टेडियम में 11 विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। विभागीय प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्र में चलाए जा रहे हाट-बाजार क्लीनिक और सुपोषण अभियान की तारीफ की। उन्होंने हाट बाजार क्लीनिक योजना की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक रूप से ही बीमारियों को रोकने के लिए छत्तीसगढ़ शासन की यह पहल बहुत अच्छी है। इसी प्रकार उन्होंने मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार छत्तीसगढ़ को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जमीनी स्तर पर योजनाओं के बेहतर और प्रभावी क्रियान्वयन से कुपोषण दूर हो रहा है।

बीपीओ स्टाल में महिलाओं से की बात

प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए छत्तीसगढ़ में रोजगार के नए-नए अवसरों सी-मार्ट, गोधन न्याय योजना जैसी नवाचारी योजनाओं की भी प्रशंसा की। प्रदर्शनी में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए चलाई जा रही योजनाएं गोधन न्याय योजना, सुराजी गांव योजना, महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क, सी-मार्ट के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे हमर लैब, दाई-दीदी क्लीनिक, स्वामी आत्मानंद स्कूल, धन्वंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स और छत्तीसगढ़िया संस्कृति तथा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रियंका गांधी ने डेनेक्स और बी.पी.ओ. के स्टॉल में भी महिलाओं से चर्चा की। डेनेक्स द्वारा उत्पादित गारमेंट्स की विस्तार से जानकारी महिलाओं ने दी। बीपीओ में कार्यरत महिलाओं ने बताया कि 10 करोड़ रुपए की लागत से खुर्सीपार में बीपीओ तैयार किया गया है। इससे बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिला है। उल्लेखनीय है कि युवाओं के लिए अपने शहर में ही रहकर देश-दुनिया के अवसरों से जोड़ने बीपीओ की पहल की गई है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। खासकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह बड़ी पहल है। गोधन न्याय योजना की स्टॉल में प्रियंका गांधी ने महिलाओं से गौठान, रीपा और गोधन न्याय योजना से मिल रहे फायदों के बारे में चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि रीपा के माध्यम से उद्यम के नये अवसरों को बढ़ावा मिला है और ग्रामीण क्षेत्रों में लघु और कुटीर उद्योग की गतिविधियां बढ़ रही हैं। गोधन न्याय योजना से जहां पशुपालन को बढ़ावा मिल रहा है वहीं गोबर से वर्मी खाद बनाने के कार्य में बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। महिलाओं ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, समृद्धि योजना, पोषण बाड़ी सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कुपोषण दूर करने के उपाय के संबंध में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया।

प्रियंका गांधी ने सी-मार्ट की तारीफ की

स्वसहायता समूहों द्वारा उत्पादित की गई वस्तुओं की बिक्री के लिए शुरू किए गए सी-मार्ट के बारे में महिलाओं ने प्रियंका गांधी को बताया कि छत्तीसगढ़ के यूनिक उत्पाद यहां मिलते हैं। दंतेवाड़ा के जैविक चावल से लेकर जशपुर की चाय तक सब कुछ छत्तीसगढ़ के स्पेशल प्रोडक्ट यहां उपलब्ध है। प्रियंका गांधी ने इस पर खुशी जाहिर की और कहा कि स्थानीय उत्पादों की इस तरह से मार्केंटिंग कर इन्हें बाजार में अच्छी जगह दिलाने की पहल से निश्चित ही आर्थिक समृद्धि महिलाओं तक पहुँच रही है। मिलेट कैफे के अवलोकन के दौरान महिलाओं ने कैफे में मिलेट से तैयार होने वाले तरह-तरह के व्यंजनों के बारे में बताया। समूह की महिलाओं ने श्रीमती गांधी को बताया कि मिलेट कैफे में कोदो, कुटकी, रागी जैसे पोषक आहार से पारंपरिक व्यंजनों के साथ ही तरह तरह के व्यंजन परोसे जाते हैं। यह व्यंजन पौष्टिक होने के कारण तेजी से लोकप्रिय हो रहे है। प्रियंका गांधी ने हमर लैब, हाट बाजार क्लीनिक के स्टाल को भी देखा। हमर लैब के माध्यम से 55 टेस्ट निःशुल्क किये जा रहे हैं। इसमें से ऐसे बहुत से टेस्ट हैं जिनकी सुविधा केवल महानगरों में उपलब्ध होती है। इससे समय भी बच रहा है और पैसे भी। उन्होंने राज्य सरकार के इस पहल की प्रशंसा की है।

जब सुआ नृत्य करने लगी प्रियंका

भिलाई के जयंती स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुआ नृत्य करती महिलाओं को देखकर प्रियंका गांधी अपने आप को नहीं रोक सकी और महिलाओं के साथ नृत्य में शामिल हुई। श्रीमती गांधी को अपने बीच पाकर खुशी से महिलाओं का उत्साह और बढ़ गया। महिलाओं ने श्रीमती गांधी के साथ सेल्फी भी ली। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सुआ नाच बेहद लोकप्रिय है। दीपावली के आसपास सुवा को एक टोकरी में रखकर महिलाएं यह नृत्य करती हैं। इसके माध्यम से वे अपने सुखदुख साझा करती हैं। सुआ गीत के माध्यम से वे अपनी आवाज की भी अभिव्यक्ति करती हैं और अपने समय के समाज के बारे में भी बताती हैं। तोते के जैसे हरे वस्त्रों में समूह के साथ किया गया यह नृत्य बेहद आकर्षक होता है।

Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 11 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story