एयर कनेक्टिविटी में छत्तीसगढ़ की एक और उड़ान, हवाई नक्शे से जुड़ने वाला अंबिकापुर छत्तीसगढ़ का चौथा शहर बनेगा...

रायपुर 24 मई 2023 I छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार की मेहनत और प्रयासों से प्रदेश में एक और रनवे बनकर तैयार है। सरगुजा जिले के दरिमा में एयरपोर्ट बने दशकों बीच चुके हैं। लेकिन यहां पर आज तक किसी ख़ास नेता या बजे लोगों के लिए ही हवाई जहाज उतरता था। लेकिन अब यहां से आम लोगों के लिए नियमित विमान की सेवा शुरू हो जाएगी। प्रदेश सरकार सरगुजा से दिल्ली, बनारस और रायपुर फ्लाइट शीघ्र शुरू किए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार के विमानन मंत्रालय को भेजने जा रही है। अंबिकापुर स्थित मां महामाया एयरपोर्ट के रन-वे का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लाइसेंस मिल जाने से सरगुजा जिले की पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि अम्बिकापुर में बहुत सुंदर एयरपोर्ट और रनवे बना है। सरगुजा से दिल्ली, बनारस और रायपुर फ्लाइट शीघ्र शुरू किए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार के विमानन मंत्रालय को भेजेंगे। मुख्यमंत्री बघेल अंबिकापुर के महामाया एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने रनवे देखा और गुणवत्तायुक्त कार्य तय समय पर पूरा होने अधिकारियों की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एयरपोर्ट बड़े विमानों को उतारने के लिए भी तैयार हो गया है। उन्होंने जल्द ही डीजीसीए की टीम से लाईसेंसिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत भी मौजूद थे। एयरपोर्ट के रन-वे पर चार मई को ट्रायल लैंडिंग हुई थी. कैप्टन अर्पित बालियान और कैप्टन अभय शर्मा ने रन-वे की तारीफ की थी. साथ ही, विजिबिलिटी को भी शानदार बताया था। विमानन अधिकारियों ने बताया था कि 9 से 12 मई के बीच अंतिम निरीक्षण होगा। इसके बाद C-3 एयरपोर्ट का लाइसेंस जारी हो जाएगा।
48 करोड़ रुपए में तैयार हुआ 1800 मीटर एयर स्ट्रिप
एयरपोर्ट का एरिया 374 एकड़ है। यहां 48 करोड़ रुपये की लागत से 1800 मीटर एयर स्ट्रिप का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भविष्य में अधिक संख्या में बड़े विमानों के उतारने के लिए हमने एयरपोर्ट के विकास के लिए भी कार्ययोजना बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीजीसीए की टीम यहां निरीक्षण के लिए आने वाली है। इसके तुरंत बाद हम लाइसेंस के लिए आवेदन लगा देंगे। लाइसेंस के आवेदन लगाने के बाद सामान्यतः 25 दिनों में लाइसेंस जारी हो जाता है।
पर्यटन के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा में महामाया एयरपोर्ट को विकसित करने के लिए लंबे समय से चर्चा प्रदेश स्तर पर तथा राष्ट्रीय स्तर पर हो रही थी। मैं हमेशा स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से तथा खाद्य मंत्री अमरजीत भगत से इस संबंध में चर्चा करता था। साथ ही हम लगातार दिल्ली में विमानन मंत्रालय से भी संपर्क में थे। हम अंबिकापुर से दिल्ली, बनारस और रायपुर की फ्लाइट शुरू करने का सुझाव विमानन मंत्रालय को देंगे। सरगुजा से 3 दिन बनारस की फ्लाइट और 3 दिन दिल्ली की फ्लाइट आरंभ होने से लोगों का सहजता से आवागमन सरगुजा हो सकेगा। सरगुजा का पूरा इलाका प्राकृतिक रूप से बहुत खूबसूरत है। विमानन सुविधा उपलब्ध होने से पूरे देश के पर्यटक यहां के जंगल और पहाड़ियां की प्राकृतिक सुंदरता निहार सकेंगे। वे मैनपाट देख सकेंगे और सरगुजा में रामगढ़ की पहाड़ियां और तातापानी के गर्म जल के स्रोत भी देख सकेंगे। इस तरह से सरगुजा पर्यटन नक्शे में तेजी से प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री ने साझा किया पुराना अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा एयरपोर्ट देश के सबसे पुराने एयरपोर्ट में से एक है। आजादी के बाद 1950 में यहां डब्ल्यूबीएम एयरपोर्ट बनाया गया था। 1974 में इंदिरा जी यहां आईं थीं। अब जब यह एयरपोर्ट विकसित हो गया है तो निजी विमान भी यहां उतर सकेंगे और बड़े विमानों की लैंडिंग से सरगुजा के पर्यटन का तेजी से विकास होगा। पुराना अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जब यहां विमान की लैंडिग होती थी तो गोता लगाने जैसा अनुभव होता था। अब शानदार एयर स्ट्रिप बन जाने से स्मूथ लैंडिंग हो रही है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को साड़ी भेंट की
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट निर्माण में लगी 5 महिलाओं को साड़ी भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल का एयरपोर्ट रनवे पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, लुण्ड्रा विधायक डॉ. प्रीतम राम, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर कुन्दन कुमार, एसपी भावना गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत विश्वदीप सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
उच्च गुणवत्ता वाला रन-वे
चार मई को दरिमा एयरपोर्ट की क्वालिटी चेक करने एक 9 सीटर विमान रायपुर से अम्बिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट पहुंचा। टेस्टिंग फ़्लाइट के एयरपोर्ट पर उतरते ही मौजूद नेताओं और आम लोगों ने तालियों से उसका स्वागत किया। खास बात ये रही है कि टेस्टिंग फ़्लाइट को लेकर अम्बिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट पर उतरे पायलट कैप्टन पंकज जायसवाल ने यहां के रनवे की जमकर तारीफ की। उन्होंकहा कि ये रनवे देश के अन्य उच्च स्तरीय रनवे जैसा है। रनवे में एकदम जर्क नहीं था। फ्लाइट लैंड करते समय किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई। टेस्टिंग लैंडिंग के बाद कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि सरगुजा के लिए हवाई सेवा मिलना एक बड़ी उपलब्धि है. सरगुजा अंचल के लोगों को लंबे समय से प्रतीक्षा थी कि हवाई सेवा शुरू हो। लेकिन इसमें बहुत समय लग गया। लेकिन सीएम साहब ने जितना पैसा यहां के विकास के लिए चाहिए था उन्होंने दिया है। उन्होंने कहा कि बहुत अच्छा और उच्च क्वालिटी का एयरपोर्ट बना है, ये बात हमारे लिए बहुत प्लस प्वाइंट है। स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि आज हवाई जहाज की पहली लैंडिंग हुई है। ये हम सब के लिए बहुत खुशी और उत्साह की बात है. दशकों से जिसका इंतज़ार था. अब लगता है हम उस दिशा की ओर बढ़ गए हैं।
