Begin typing your search above and press return to search.

अघोर पीठ में लगा मिर्गी रोगियों के लिए फ्री चिकित्सा शिविर, 179 मरीजों को मिली आयुर्वेदिक दवा...

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान में आज 179 मरीजों को आयुर्वेदिक दवा का वितरण किया गया।

अघोर पीठ में लगा मिर्गी रोगियों के लिए फ्री चिकित्सा शिविर, 179 मरीजों को मिली आयुर्वेदिक दवा...
X
By Sandeep Kumar

वाराणसी। पड़ाव स्थित अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में रविवार 8 मार्च को निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आश्रम के वैद्य रंजीत कुमार ने 14 बच्चों सहित कुल 179 मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों को सूर्योदय से पूर्व (वयस्कों को) और सूर्योदय के साथ बच्चों को आयुर्वेदिक व फकीरी दवा दी। साथ ही नशा से दूर रहने, परहेज करने और उचित खान-पान रखने सम्बन्धी निर्देश भी वैद्य ने मरीजों को दिये।

इस शिविर में अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के प्रमुख वैद्य बैकुंठ नाथ पाण्डेय जी ने भी आवश्यकतानुसार मरीजों को आयुर्वेदिक दवा सम्बन्धी सुझाव दिया। ज्यादातर मरीज अपने अभिभावकों के साथ दो दिन पूर्व से आ रहे थे। कुछ स्थानीय मरीज 8 मार्च की भोर में भी आश्रम पहुँचकर दवा प्राप्त किये। मरीजों और उनके सहयोगियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था संस्था की तरफ से निःशुल्क की गई।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा देश के विभिन्न प्रान्तों यथा बिहार, झारखण्ड, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा आदि राज्यों एवं नेपाल से भी मिर्गी रोग से पीड़ित लोग दवा लेने के लिए आये थे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सर्वेश्वरी समूह के प्रचारमंत्री पारसनाथ यादव, सदस्य डॉ. वामदेव पाण्डेय, सर्वेश्वरी टाइम्स के संपादक राजीव कुमार रानू तथा अदलपुर शाखा के गोपाल पाण्डेय तथा वैद्य जी के सहयोगी धर्मेन्द्र सिंह, रोहित सहित अन्य सर्वेश्वरी सैनिकों का विशेष योगदान रहा ।

गौरतलब है कि विश्ववंद्य संत परमपूज्य अघोरेश्वर बाबा भगवान राम जी द्वारा स्थापित संस्था श्री सर्वेश्वरी समूह तथा बाबा भगवान राम ट्रस्ट व अघोर परिषद् ट्रस्ट पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की अध्यक्षता व सान्निध्य में कुष्ठी जनों, पीड़ितों-उपेक्षितों और जरुरतमंदों की सेवा करने व समाज में सेवा करने की प्रेरणा हेतु अनेक लोककल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर संचालित होता रहता है। इसी क्रम में संस्था मिर्गी रोग का समाज से उन्मूलन के लिए भी कृतसंकल्प है।

Sandeep Kumar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story