
रायपुर,3 जून 2021। जशपुर के ज़िला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कँवर को विभागीय मंत्री के निर्देशों और फ़ोन कॉल की लगातार अवहेलना भारी पड़ गई है। मंत्री अमरजीत भगत ने ज़िला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कँवर को सस्पेंड कर दिया है।
महानदी भवन के खाद्य विभाग से जारी आदेश में निलंबन के कारण के रुप में उल्लेख है कि पीडीएस दुकानों का निरीक्षण और राशन वितरण कार्य सुचारु रुप से हो सके इस पर ज़िला खाद्य अधिकारी का नियंत्रण नही है।कांसाबेल पीडीएस दुकान में घोर अनियमितता की शिकायत और हितग्राहियों को राशन वितरण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के संबंध में जाँच नहीं की गई जिससे निवासियों में रोष व्याप्त है, इसलिए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
विभागीय आदेश में जो ब्यौरा दिया गया है उसके अतिरिक्त यह भी चर्चा है कि, मंत्री भगत के कई मौखिक निर्देशों की अवहेलना से मंत्रीजी कुपित थे, और इस मसले ने मंत्री जी का ग़ुस्सा सातवें आसमान पर पहुँचा दिया जबकि ज़िला खाद्य अधिकारी ने मंत्री के फ़ोन कॉल उठाने में भी हीलाहवाली शुरु कर दी।
