Begin typing your search above and press return to search.

IAS Sanjeev Khirwar: स्टेडियम खाली कराकर कुत्ता टहलाने वाले IAS पर सरकार मेहरबान! संजीव खिरवार बने दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर, जानिए पूरा मामला

IAS officer Sanjeev Khirwar: 2022 में त्यागराज स्टेडियम में कुत्ता टहलाने से जुड़े विवाद के बाद दिल्ली से बाहर भेजे गए IAS संजीव खिरवार को अब MCD का आयुक्त बनाकर वापस लाया गया है। जानिए पूरा मामला।

IAS Sanjeev Khirwar: स्टेडियम खाली कराकर कुत्ता टहलाने वाले IAS पर सरकार मेहरबान! संजीव खिरवार बने दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर, जानिए पूरा मामला
X
By Ragib Asim

Sanjeev Khirwar News: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी संजीव खिरवार एक बार फिर दिल्ली के प्रशासनिक सिस्टम में लौट आए हैं। उन्हें दिल्ली नगर निगम (MCD) का नया आयुक्त बनाया गया है। खिरवार की यह वापसी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि 2022 में त्यागराज स्टेडियम में कुत्ता टहलाने से जुड़े विवाद के बाद उन्हें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बाहर भेज दिया गया था। अब करीब तीन साल बाद उन्हें फिर दिल्ली में अहम प्रशासनिक जिम्मेदारी दी गई है।

कौन हैं IAS संजीव खिरवार?

संजीव खिरवार 1994 बैच के IAS अधिकारी हैं और AGMUT कैडर (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) से आते हैं। AGMUT कैडर के अधिकारी अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेशों और कुछ राज्यों में सेवाएं देते हैं। उनके पास कंप्यूटर इंजीनियरिंग में BTech और अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर डिग्री है। उन्होंने प्रशासनिक करियर की शुरुआत चंडीगढ़ में SDM के तौर पर की थी।

दिल्ली में वे पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। इनमें प्रधान सचिव (राजस्व), पर्यावरण विभाग के सचिव, पर्यावरण नियोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां और व्यापार-कर आयुक्त जैसे पद शामिल रहे हैं।

क्या था स्टेडियम में कुत्ता टहलाने का विवाद?

यह विवाद 2022 में सामने आया था। उस समय खिरवार दिल्ली के राजस्व विभाग में तत्कालीन प्रधान सचिव थे। मई 2022 में इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में युवा खिलाड़ियों के अभ्यास के समय स्टेडियम को खाली कराया जा रहा है ताकि अधिकारी अपने कुत्ते को स्टेडियम परिसर में टहला सकें। इस रिपोर्ट के बाद नौकरशाही, सरकारी पद के दुरुपयोग को लेकर बहस तेज हो गई थी।

उस वक्त क्या आरोप लगे थे?

रिपोर्ट के मुताबिक एक कोच ने कहा था कि पहले खिलाड़ी रोज रात करीब 8–8:30 बजे तक अभ्यास करते थे, लेकिन फिर शाम 7 बजे तक मैदान खाली करने के लिए कहा जाने लगा। आरोप था कि यह बदलाव इसलिए किया जा रहा है ताकि अधिकारी अपने कुत्ते को स्टेडियम में टहला सकें।

हालांकि संजीव खिरवार ने इस आरोप से इनकार किया था कि उनके कुत्ते के कारण खिलाड़ियों का अभ्यास बाधित हुआ। स्टेडियम अधिकारियों ने भी यह कहते हुए उनका पक्ष रखा था कि एथलीटों को समय से पहले स्टेडियम खाली करने को नहीं कहा गया था।

विवाद के बाद तबादला, अब वापसी

विवाद सामने आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संजीव खिरवार को लद्दाख भेज दिया था। वहीं उनकी IAS पत्नी रिंकू दुग्गा (1994 बैच) का तबादला अरुणाचल प्रदेश कर दिया गया था। अब तीन साल बाद खिरवार को फिर दिल्ली में महत्वपूर्ण भूमिका देकर MCD आयुक्त बनाया गया है। ऐसे में नगर निगम के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी उनके पास होगी।

फिलहाल इस नई नियुक्ति के बाद एक बार फिर उनके पुराने विवाद और प्रशासनिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Ragib Asim

Ragib Asim News Editor, NPG News Ragib Asim is the News Editor at NPG News with over 15 years of experience across print, television, and digital journalism. He began his career with Hindustan in 2011 and has worked with Jain TV, Channel One, NewsTrack, Special Coverage, Jan Shakti, Janjwar, and The Hans India. He studied Mass Communication at Jamia Millia Islamia, holds a Master’s degree in Political Science from the University of Delhi, and has pursued Islamic Studies at Nadwatul Ulama. Ragib is proficient in Urdu, Hindi, Arabic, and English. His reporting and editorial work focuses on politics, geopolitics, current affairs, crime, business, technology, education, automobiles, and careers, with a strong specialization in SEO-, AEO-, and GEO-driven news strategy. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story