Begin typing your search above and press return to search.

Delhi New CM Announcement: 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की वापसी! नए मुख्यमंत्री का आज होगा ऐलान, 20 फरवरी को होगा शपथ ग्रहण!

Delhi New CM Announcement: दिल्ली को आज (19 फरवरी) नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार (20 फरवरी) को दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा।

Delhi New CM Announcement: 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की वापसी! नए मुख्यमंत्री का आज होगा ऐलान, 20 फरवरी को होगा शपथ ग्रहण!
X
By Ragib Asim

Delhi New CM Announcement: दिल्ली को आज (19 फरवरी) नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार (20 फरवरी) को दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, 19 फरवरी को शाम सात बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। इस दौरान विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। इसके अलगे दिन 20 फरवरी (गुरुवार) को सुबह 11 बजे दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा।

पहले विधायक दल की बैठक 17 फरवरी को बुलाई गई थी, लेकिन इस रद्द कर दिया गया। नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर रामलीला मैदान में तैयारी की जा रही है। रामलीला मैदान टेंट लगाए जा रहे हैं। कुर्सियां, बड़े-बड़े सोफे और गद्दे यहां लाए जा रहे हैं। कारीगर समारोह को भव्य बनाने की तैयारी में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह के लिए कुल तीन मंच बनाए जाएंगे, जिसमें एक मंच 40 गुणा 24 और दो मंच 34 गुणा 40 के होंगे। मंच पर करीब 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी।

वहीं, आम लोगों के बैठने के लिए 30 हजार कुर्सियां लगाई जाने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि 1.5 लाख लोगों के आने की व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। पूर्व महापौर जयप्रकाश कई पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे हैं। हालांकि, उन्होंने अभी कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार शाम को शपथ ग्रहण समारोह और सरकार के गठन को लेकर बैठक होगी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की है। इस तरह दिल्ली की कुर्सी पर 27 साल बाद अब भाजपा काबिज हो चुकी है। बीजेपी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटें जीतने में कामयाब रही। जबकि, कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को रामलीला मैदान में दिल्ली की नई सरकार के शपथ-ग्रहण के लिए हो रहीं तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 25 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री का शपथग्रहण समारोह ऐतिहासिक और भव्य होगा। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ रामलीला मैदान का निरीक्षण करने के बाद, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि उपराज्यपाल वी के सक्सेना तैयारियों की देखरेख कर रहे हैं। शहर भर से लोगों ने गुरुवार को संभावित कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है।

चुघ ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दिया है, जिन पर कश्मीर से कन्याकुमारी तक सभी नागरिकों का भरोसा है। रामलीला मैदान को सजाया जा रहा है, जिसमें लगभग 30,000 लोग एक साथ आ सकते हैं। इसकी चाहरदीवारी पर नया रंग-रोगन किया जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे रामलीला मैदान में शपथ ले सकते हैं। इस समारोह में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

Ragib Asim

Ragib Asim is a senior journalist and news editor with 13+ years of experience in Indian politics, governance, crime, and geopolitics. With strong ground-reporting experience in Uttar Pradesh and Delhi, his work emphasizes evidence-based reporting, institutional accountability, and public-interest journalism. He currently serves as News Editor at NPG News.

Read MoreRead Less

Next Story