Begin typing your search above and press return to search.

Delhi Crime News : इस बार आरोपी पापा है... मकान में बेटे ने माँगा हिस्सा, पिता ने गोद दिया चाकू

Delhi Crime News: संपत्ति विवाद में 68 साल के एक बुजुर्ग ने अपने बेटे और बहू को चाकू गोद दिया।

Delhi Crime News : इस बार आरोपी पापा है... मकान में बेटे ने माँगा हिस्सा, पिता ने गोद दिया चाकू
X
By Meenu Tiwari

Delhi Crime News : दिल्ली में संपत्ति के चलते फिर से खूनी संघर्ष हुई. पर इस बार आरोपी बेटा- बहू नहीं बल्कि एक पिता है, जिसने अपने बेटे और बहू को मकान का एक हिस्सा मांगने पर चाकू से जान से मारने की कोशिश की.


सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के बुध विहार इलाके में संपत्ति विवाद में 68 साल के एक बुजुर्ग ने अपने बेटे और बहू को चाकू गोद दिया। घायल दंपती की पहचान 35 साल के राजेश और उनकी पत्नी 30 साल की रिंकी के रूप में हुई है। घायल बहु के बयान पर पुलिस ने हत्या का प्रयास करने वाले ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान उमेश गुप्ता के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार घटना 24 अगस्त की है। देर रात 11.14 बजे पुलिस को बुध विहार के मांगेराम पार्क सोम बाजार रोड के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बुध विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पूछताछ से पता चला कि 68 साल के उमेश गुप्ता ने अपने बेटे 35 साल के राजेश और उनकी पत्नी 30 साल की रिंकी को चाकू से गोद दिया है। राजेश को संजय गांधी अस्पताल जबकि रिंकी को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम संजय गांधी अस्पताल पहुंची, जहां पुलिस ने देखा कि राजेश के पेट में चाकू के जख्म है। वह बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस वहां से अंबेडकर अस्पताल पहुंची। रिंकी के पेट में चाकू लगा था। रिंकी ने अपने बयान में बताया कि वह अपने पति राजेश और दो बच्चों के साथ अपने मकान में रहती है। इस मकान में उनकी जेठानी व उसके दो बच्चे और ससुर उमेश गुप्ता रहते हैं। उसके ससुर घर में ही दुकान चलाते हैं। वह घर के पास ही सिलाई का काम करती है, वहीं उसका पति राजेश फल की रेहड़ी लगाते हैं।


महिला ने बताया कि उसके पति अपने पिता उमेश गुप्ता से 70 गज की संपत्ति में हिस्सा मांग रहे थे। वहीं उसके ससुर काफी समय से उसके पति को घर में कोई हिस्सा नहीं देने और घर खाली करने के लिए कह रहे थे। 24 अगस्त की रात साढ़े आठ बजे दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। हाथापाई के दौरान उसके ससुर ने पति के पेट में चाकू गोद दिया। अपनी जेठानी और उनके बेटे की मदद से पति को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद वह अस्पताल से घर आई। उसके बाद ससुर उससे कहासुनी करने लगे। ससुर ने उसके भी पेट में चाकू गोद दिया। जेठानी की बेटी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मियों ने उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया।


Next Story