Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक: नकाबपोश ने तोड़ा विधानसभा का बैरिकेड, कार लेकर अंदर घुसा शख्स, स्पीकर के दफ्तर के बाहर रखा गुलदस्ता

  • Delhi Assembly Security Breach: दिल्ली विधानसभा में सोमवार दोपहर बड़ी सुरक्षा चूक हुई। वीआईपी गेट का बैरिकेड तोड़कर अंदर घुसे नकाबपोश शख्स और उसके साथियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक: नकाबपोश ने तोड़ा विधानसभा का बैरिकेड, कार लेकर अंदर घुसा शख्स, स्पीकर के दफ्तर के बाहर रखा गुलदस्ता
X
By Ragib Asim

Delhi Assembly Security Breach: दिल्ली विधानसभा परिसर में सोमवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। एक नकाबपोश शख्स यूपी नंबर की कार से बैरियर तोड़कर विधानसभा के अंदर घुस गया और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर के बाहर एक गुलदस्ता रखकर फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

गेट नंबर 2 का बैरिकेड तोड़कर अंदर घुसी टाटा सिएरा

दिल्ली सचिवालय के अधिकारियों के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट की है। वीआईपी (VIP) लोगों की एंट्री के लिए निर्धारित गेट नंबर 2 पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए एक सफेद रंग की टाटा सिएरा कार (UP26AZ8090) परिसर में दाखिल हुई। नकाबपोश आरोपी ने अंदर पहुंचकर स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की गाड़ी पर स्याही फेंकी। इसके बाद उसने स्पीकर के दफ्तर के बरामदे में एक गुलदस्ता और कुछ कागज रख दिए।

रूप नगर से गाड़ी बरामद, सरबजीत सिंह सहित तीन गिरफ्तार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर उसी गेट से बाहर निकलकर दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ भागने में सफल रहा। हालांकि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दिल्ली पुलिस ने उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके से उस गाड़ी को बरामद कर लिया। पुलिस ने गाड़ी चला रहे मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह और उसके दो अन्य साथियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

घटना के वक्त दफ्तर में ही मौजूद थे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता

जिस वक्त यह घटना घटी उस समय विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता अपने दफ्तर में ही मौजूद थे। इससे ठीक पहले दोपहर लगभग 1:30 बजे उन्होंने विधानसभा परिसर के भीतर शिक्षा विभाग के दफ्तर का दौरा किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए बॉम्ब स्क्वॉड (Bomb Squad) ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गुलदस्ते की सघन जांच की जिसमें कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई है।

दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी कर रहे हैं जांच

हाल ही में खत्म हुए बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिली बम की धमकियों के बाद इस घटना ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। फिलहाल विधानसभा परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और स्पेशल सेल के कमिश्नर अनिल शुक्ला खुद मौके पर मौजूद हैं और इस पूरे सुरक्षा ब्रीच (Security Breach) की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

Ragib Asim

Ragib Asim is a seasoned News Editor at NPG News with 15+ years of excellence in print, TV, and digital journalism. A specialist in Bureaucracy, Politics, and Governance, he bridges the gap between traditional reporting and modern SEO strategy (8+ years of expertise). An alumnus of Jamia Millia Islamia and Delhi University, Ragib is known for his deep analytical coverage of Chhattisgarh’s MP administrative landscape and policy shifts. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story