दिल्ली LIVE: AICC से तो कांग्रेस विधायक होटल लौटे, लेकिन छत्तीसगढ़ कब लौटेंगे?…..जवाब पर सभी नेताओं ने कन्नी काटी… CM बोले- “यहां सभी विधायक-नेता राहुल जी से मिलने आये थे, अब राहुल जी खुद उनसे उनके इलाके में मिलेंगे”

रायपुर 27 अगस्त 2021। राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे और मुख्यमंत्री के तौर पर CM भूपेश की मजबूती के बाद फिलहाल ढ़ाई-ढ़ाई साल के मुद्दे पर विराम लग गयाहै। बैठक की ब्रीफिंग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सुनने के बाद AICC मुख्यालय में 2 घंटे से डटे विधायक फिलहाल AICC से तो लौट आये हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ कब लौटेंगे इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जब तक दिल्ली में रूकेंगे, तब तक विधायक भी दिल्ली नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री की दिल्ली की रिटर्न फ्लाइट के बाद ही तमाम विधायक और नेता दिल्ली से छत्तीसगढ़ की वापसी करेंगे।
AICC में आज कई विधायकों से जब मीडिया ने वापस छत्तीसगढ़ लौटने के बारे में जानकारी पूछी तो उन्होंने ये कहा कि वो यहां रूकने आये हैं। कई विधायकों ने ये कहा कि वापसी की अभी टिकट हमलोगों ने कटायी नहीं है। माना जा रहा है कि कल एक और कोशिश विधायक शीर्ष नेताओं से करेंगे, ताकि उनसे अपनी मन की बात कह सकें।
इससे पहले आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राहुल गांधी के बंगले पर करीब साढ़े तीन घंटे की मैराथन बैठक हुई। बैठक में प्रियंका गांधी, केसी बेणुगोपाल, प्रभारी पीएल पुनिया मौजूद रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सीधे AICC मुख्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बात की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दौरान कहा कि ..
“राहुल गांधी से सभी हमारे विधायक, नेता मिलना चाहते थे, यहां वो इसीलिये आये हुए थे, अब राहुल जी खुद उनके क्षेत्र में जायेंगे और नेताओं से मुलाकात करेंगे। वो बस्तर भी जायेंगे, बिलासपुर, सरगुजा, दुर्ग सभी जगह पर जायेंगे और वहां के नेताओं से उनके क्षेत्र में ही जाकर मुलाकात करेंगे”
