Begin typing your search above and press return to search.

दुल्हन की मौत : शादी के 6 घंटे बाद ही दुल्हन की हो गयी मौत……मांग भरने के कुछ ही मिनटों बाद बिगड़ी तबीयत……दुल्हे ने दी मुखाग्नि

दुल्हन की मौत : शादी के 6 घंटे बाद ही दुल्हन की हो गयी मौत……मांग भरने के कुछ ही मिनटों बाद बिगड़ी तबीयत……दुल्हे ने दी मुखाग्नि
X
By NPG News

भागलपुर 14 मई 2021। शादी के महज 6 घंटे बाद ही दुल्हन की मौत हो गयी। बिहार के मुंगेर से ये दिल दहला देने वाली खबर आयी है। पूरे धूमधाम से बारात आयी थी, शादी भी हुई, लेकिन जैसे ही दुल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा, उसके कुछ ही मिनटों के बाद ही अचानक से तबीयत बिगड़ गयी और फिर कुछ ही घंटे में उसने दम तोड़ दिया।जिस घर से ससुराल के लिए दुल्हन की डोली निकलनी थी, वहां से सुबह उसकी अर्थी निकली। यही नहीं परंपरा के मुताबिक पति ने ही उसे मुखाग्नि भी दी।

घटना तारापुर अनुमंडल के अफजल नगर पंचायत के खुदिया गांव का है। यहां रंजन यादव उर्फ रंजय की बेटी निशा कुमारी की शादी खड़गपुर प्रखंड के महकोला गांव से सुरेश यादव के बेटे रवीश से हुई थी। तय दिन बारात पहुंची और शादी ब्याह की रस्म पूरी की गई। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए कुछ ही संख्या में बाराती पहुंचे थे। शादी को लेकर सभी विधि-विधान चल रहे थे। दुल्हा और दुल्हन सात फेरे ले लिए थे और दुल्हा ने दुल्हन की मांग भी भरी।

सिंदूरदान के बाद ही दुल्हन निशा की तबीयत बिगड़ गई। दोनों ओर परिजनों ने आनन-फानन में दुल्हन निशा को तारापुर स्थित सामुदायिक केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान ही लाल सुर्ख जोड़े में निशा ने अंतिम सांस ली।

इस घटना के बाद खुदियां गांव में मातम पसर गया। लोग हतप्रभ कहने लगे कि अभी कुछ ही समय पहले दुल्हे के साथ निशा ने जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था और कुछ ही घंटों में साथ छोड़ दिया। इसके बाद दुल्हन निशा के साथ सात फेरे लेने वाले पति रवीश के सामने अजीब स्थिति हो गई, जहां वह अपने साथ अपनी पत्नी को विदा कर अपने घर महकोला ले जाने के लिए आए थे, वहीं उन्हें सीधे श्मशान ले जाना पड़ा।

Next Story