संविदा बिजली कर्मचारी की मौत: परिजनों ने शव लेने से किया इनकार, सविंदा कर्मचारियों ने अनुकंपा नियुक्ति और मुआवजा की मांग को लेकर मर्चुरी के सामने दिया धरना

रायपुर 26 सितम्बर 2021। शनिवार को काम के दौरान संविदा लाइनमैन की करेंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद संविदा बिजली कर्मचारियों ने मुआवजा और अनुकंपा नियुक्ति की मांग की थी। साथ ही दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की भी बात कही थी।
घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी मृतक के परिजनों को किसी तरह की कोई सहायता नहीं मिली और ना ही किसी अधिकारी पर कार्रवाई हुई है। इस बात से नाराज संविदा बिजली कर्मचारियों और मृतक के परिजनो ने अब शव लेने से इंकार कर दिया है। साथ ही मांगो को लेकर रायपुर मर्चुरी के पास धरने पर बैठ गये है। कर्मचारियों ने मांग की हैं कि जब तक के मृतक के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति और मुआवजा नहीं दिया जाएगा तब तक के वो शव को नहीं लेंगे।
बता दें शनिवार की दोपहर में टीकरापारा रांवाभाटा मैदान में लगे सब स्टेशन में लाइनमैन श्रीराम पटेल और साथी अमित साहू मैनटेनेस का काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों करेंट की चपेट में आ गये थे। इस हादसे में करेंट की चपेट में आये श्रीराम पटेल की जलकर मौत हो गई थी। वहीं गंभीर हालत में घायल अमित साहू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां पर उसका इलाज जारी है।
इधर इस घटना की जानकारी मिलने के बाद संविदा बिजली कर्मचारी आक्रोशित हो गये और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे थे।
