
पटना 2 जुलाई 2020. बिहार में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग ने भी वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मधेपुरा जिला के सदर प्रखंड, मुरलीगंज, कुमाखंड में वज्रपात गिरने की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की गई है।
समस्तीपुर में बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हुई। कटिहार में छह लोगों की मौत वज्रपात के चलते हुई। पटना के दुल्हिन बाजार में वज्रपात की चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो गई। इसी तरह पूर्वी चंपारण में चार और शिवहर में दो व्यक्ति की मौत बिजली गिरने से हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में भी आज दोपहर बाद बारिश होगी और साथ ही कई जगहों पर बिजली चमकने और वज्रपात के भी आसार हैं। बुधवार को भी पटना सहित कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। वहीं, मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह के बीच 10.6 मिमी बारिश दर्ज की गई लेकिन बुधवार को दिन भर धूप खिली, जिससे उमस से लोग परेशान रहे।
