
लखनऊ 10 सितम्बर 2021. बागपत जनपद में बड़ौत के बिजरौल रोड निवासी पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता व जनता वैदिक इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ आत्मराम तोमर (75) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी व डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचे. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के संबंध में परिजनों ने पुलिस में तहरीर देते हुए निकट संबंधी पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि सीसीटीवी कैमरे में रिश्तेदार घर में आते और फिर गाड़ी लेकर निकलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उन्हें पकड़ने का पूरा प्रयास कर रही है। उधर, मृतक भाजपा नेता के परिजनों ने भी हत्या होने की बात कही है।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जांच की तो डॉ. आत्माराम तोमर की स्कॉर्पियो गाड़ी भी गायब मिली। वहीं उनके गले पर तौलिया लिपटा मिलने व उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी गायब होने के कारण भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस घटना की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर देर रात एसपी नीरज जादौन, एएसपी मनीष मिश्र, सीओ आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली, इसके बाद डॉग स्क्वायड की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस जांच में जुट गई है।
आस-पास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए। पुलिस के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिश्तेदार आते हुए और फिर गाड़ी लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
उधर, भाजपा नेता आत्माराम तोमर के परिजनों ने हत्या होने की बात कही है। सूचना पर मृतक डॉ. आत्माराम तोमर का बेटा डॉ. प्रताप भी मौके पर पहुंचा। फिलहाल मौत या फिर हत्या का कारण पता नहीं चल सका है। वहीं हत्या का शक एक रिश्तेदार पर जताया जा रहा है।
बता दें कि डॉ. आत्माराम तोमर 1997 में गन्ना संस्थान के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) रहे थे। वह छपरौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके थे। वे जनता वैदिक इंटर कॉलेज बड़ौत में प्रधानाचार्य भी रहे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बताया जा रहा है कि देर रात बड़ौत थाना क्षेत्र के बिजरौल रोड स्थित उनके घर में वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस को गले से तौलिया भी लिपटा मिला, जिससे उनकी हत्या की आंशका है।
