गैंगरेप...पटना में काम दिलाने का झांसा देकर महिला से दरिंदगी, 3 आरोपी गिरफ्तार
Patna Gangrape : राजधानी पटना में महिला के साथ गैंगरेप किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

Patna Gangrape News : राजधानी पटना के पुनपुन में काम दिलाने का झांसा देकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना पुनपुन थाना क्षेत्र की है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपियों ने अपराध करने से पहले कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था।
पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच जारी है। स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) बेबी कुमारी ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे अलावलपुर गांव से घटना की सूचना मिली थी। शिकायत की पुष्टि करने और पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
ऑटो-रिक्शा में किया दुष्कर्म
बेउर जेल के पास कुक का काम करने वाली पीड़िता ने पुलिस को जानकारी दी है कि आरोपियों में से एक रमेश चौधरी ने उसे घर में बाई का काम दिलाने के बहाने ऑटो-रिक्शा भेजकर पुनपुन बुलाया था। रात 9 बजे से 10 बजे के बीच पुनपुन घाट के पास उसने कुंदन कुमार उर्फ कुणाल और सागर कुमार उर्फ सरदार के साथ मिलकर अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि महिला को नशे की दवा मिला पेय दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने ऑटो-रिक्शा में उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने इमरजेंसी हेल्पलाइन (112) पर संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
पुलिस ने आरोपी रमेश चौधरी, कुंदन कुमार उर्फ कुणाल और सागर कुमार उर्फ सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संलिप्त ऑटो-रिक्शा चालक को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच चल रही।
एसएचओ क्या बोले?
पुनपुन थाने की एसएचओ बेबी कुमारी ने कहा कि पीड़िता के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने काम दिलाने के बहाने उसे बुलाया और फिर अपराध को अंजाम दिया था। पूरे मामले की जांच जारी है।
