LPG की मारामारी के बीच रायपुर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 16 सिलेंडर के साथ आरोपी गिरफ्तार
Gas Cylinder Black Marketing: रायपुर में गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 16 इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर के साथ आरोपी संजय यादव (30) को गिरफ्तार किया है।

रायपुर 22 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रविवार को घेराबंदी कर आरोपी संजय यादव (30) को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 16 इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया है। यह पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र की है।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
बता दें कि DCP (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से) के निर्देशानुसार अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने सहित सुरक्षा, शांति व्यवस्था के मद्देनजर ADCP (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम और ACP उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन क्षेत्रान्तर्गत थाना प्रभारियों को अवैध रूप से कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
इसी कड़ी में खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से जमा कर रखा है। सूचना के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय साहू बताया, जो कि रावाभाठा के ट्रांसपोर्ट नगर का रहने वाला है।
कितने सिलेंडर हुए जब्त ?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया, जिनकी कीमत 64 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं जब पुलिस ने उससे सिलेंडरों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी पर कौन सी धारा लगी ?
इस मामले में आरोपी के खिलाफ फरियाद क्रमांक 03/26 के तहत धारा 106 BNS के तहत कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त हो सकता है। पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी भेजने की तैयारी कर ली है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
