Raipur Crime: महानदी से छलांग लगाने वाली महिला की मिली लाश, दो साल पहले ही हुई थी शादी, ढाई माह का बच्चा भी....
Raipur Crime: महानदी पुल से छलांग लगाने वाली महिला के शव को पुलिस ने बरामद कर लिया है। महिला अपनी स्कूटी और दुपट्टा को पुल में छोड़कर नदी में कूद गई थी।

Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित महानदी पुल से छलांग लगाने वाली महिला के शव को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतिका की पहचान 27 वर्षीया स्वाति त्रिवेदी के रूप में हुई थी। मृतिका रक्षाबंधन पर अपने ढाई माह के बच्चे के साथ मायके आई थी। मृतिका की तलाश 18 अगस्त से पुलिस और गोताखोर की टीम कर रही थी। इसी बीच आज सुबह उसका शव पानी से भरे झाड़ियों के बीच में मिला। फिलहाल रायपुर पुलिस मृतिका के पति और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
जानिए घटना
ये पूरी घटना आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव स्थित नेशनल हाईवे 53 पर बने महानदी पुल की है। महिला की स्कूटी के आधार पर उसकी पहचान स्वाति त्रिवेदी 27 वर्ष के रूप में की गई है। महिला की शादी रायपुर निवासी अजय त्रिवेदी के साथ दो साल पहले हुई थी। दोनों का ढाई माह का एक बच्चा भी है।
बताया जा रहा है कि महिला रक्षाबंधन मनाने के लिए पारागांव मायके आई थी। इसी दौरान स्कूटी लेकर मायके से निकली थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी। सोमवार 18 अगस्त की सुबह महिला की स्कूटी और दुपट्टा महानदी पुल पर मिला।
पुलिस पुल से छलांग लगाने की आशंका जताते हुए महिला की तलाश शुरू की। गोताखोर की टीम लगातार महिला की तलाश कर रही थी। सोमवार की देर रात तक महिला का कुछ पता नहीं चल पाया था। आज सुबह उसकी लाश मिली।
इस घटना के बाद से महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरंग पुलिस महिला के पति और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
