Raigarh News: लिव इन पार्टनर ने की थी प्रेमिका की हत्या, घर जाने की कर रही थी जिद्द, तभी हो गई घटना...

Raigarh News: रायगढ़। जिले के कोतरारोड़ में महिला की संदिग्ध मौत के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। लिव इन पार्टनर ने ही अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। महिला अपने पति को छोड़कर आरोपी युवक के साथ लिव इन में रह रही थी। आरोपी का नाम विकेश कुमार बरेठ है।
जानिए पूरा मामला
बीते 1 अप्रैल को पतरापाली के जिंदल अस्पताल में धनेश्वरी विश्वकर्मा की मौत हो गई थी। अस्पताल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना कोतरारोड़ पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम की मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाॅक्टरों ने महिला की मृत्यु दम घुटने से होने की पुष्टि की। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को जांच में पता चल कि मृतिका धनेश्वरी विश्वकर्मा का विवाह मनोज विश्वकर्मा से हुआ था। दोनों के तीन बच्चे भी है। पति से विवाद के बाद से मृतिका अपने मायके में रह रही थी। इसी बीच उसका परिचय विकेश बरेठ से हुआ। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे थे। पिछले चार वर्ष से दोनों किरोडीमल नगर में पति-पत्नी की तरह लिव इन में रह रहे थे।
मृतिका रहती थी बीमार
धनेश्वरी बीच-बीच में बीमारी रहती थी, जिसका उपचार विकेश करता था। धनेश्वरी का पति से तलाक नहीं होने के कारण दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। इस बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
महिला के प्रेमी से पूछताछ में खुलासा
इस जानकारी के बाद पुलिस की टीम ने संदेही विकेश से पूछताछ की। पूछताछ में ज्यादा देर विकेश पुलिस को गुमराह नहीं कर पाया और हत्या करने की बात कबूल कर लिया।
विकेश ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि धनेश्वरी आये दिन बीमार रहती थी। डाॅक्टर से धनेश्वरी का उपचार चल रहा था। आरोपी ने बताया कि धनेश्वरी दवाईया नहीं खाती थी, जिसको लेकर विवाद होता रहता था।
आरोपी ने पूछताछ में आगे बताया कि 1 अप्रैल को उसकी नानी उसके घर आई थी। इस दौरान धनेश्वरी ने समय पर खाना नहीं बनाया, जिस वजह से दोनों के बीच में विवाद हुआ था। विवाद शांत होने के बाद विकेश अपनी नानी को उसके घर छोड़कर अपने घर वापस लौटा। इस दौरान धनेश्वरी दवाई नहीं खाई थी।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से जमकर विवाद हुआ। गुस्से में धनेश्वरी को विकेश ने थप्पड जड़ दिया। धनेश्वरी गुस्से में तुम्हारे साथ नहीं रहुंगी कहते हुए अपने घर जा रही थी। इसी दौरान धनेश्वरी के मंगलसूत्र को पकड़कर विकेश पीछे से खींचने लगा।
मंगलसूत्र गले में कसने की वजह से धनेश्वरी बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी से पूछताछ के बाद उसके खिलाफ धारा 103 (1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
-
Home
-
Menu
