बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन: 7 रईसजादों का पुलिस ने निकाला जुलूस, अंबिकापुर-बनारस रोड जाम कर केक काटा फिर आतिशबाजी की
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर सड़क जाम कर बर्थडे मनाने वाले 7 रईसजादों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जुलूस निकाला।

फोटो सोर्स- npg.news
सूरजपुर 21 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर सड़क जाम कर बर्थडे मनाने वाले 7 रईसजादों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जुलूस निकाला। मामला लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवाही के पास का है।
16 फरवरी की रात युवकों ने अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे को जमकर आतिशबाजी की थी। कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया था। इस दौरान करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां फंसी थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद 20 फरवरी को पुलिस ने कार्रवाई की। जांच के बाद 6 युवकों को अंबिकापुर से और एक युवक को लटोरी से पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान पार्टी में इस्तेमाल की गई 2 कारों को भी जब्त किया है।
ढाबे में पार्टी, फिर जाम किया सड़क
युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और इसके बाद हाईवे पर आकर सड़क जाम कर दिया। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। फिर जमकर आतिशबाजी की और कार की बोनट पर केक काटा ।इससे हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई गाड़ियां जाम में फंसी रही।
एम्बुलेंस भी जाम में फंसी
वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दी। हालांकि, एम्बुलेंस में मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। ,बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया।
स्टंटबाजी और बीच सड़क सेलिब्रेशन पर हाई कोर्ट सख्त
छत्तीसगढ़ में लगातार सड़क पर स्टंटबाजी और हाईवे पर बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल हो रहा है। ऐसे ही एक मामले में हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर सख्ती दिखाई थी। हाई कोर्ट ने कहा था कि पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावे के लिए नहीं होनी चाहिए।
हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने कहा था, पुलिस की कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे ऐसे अपराधियों को सबक मिले।
बीच सड़क बर्थडे मनाने वाले आरोपी
अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24), अंबिकापुर, अंशुल अग्रवाल (25), अंबिकापुर, प्रथम अग्रवाल (24), मणीपुर अंबिकापुर, महेश साहू (27), बिलासपुर चौक अंबिकापुर, निखिल रामा (26), जनपदपारा अंबिकापुर, अरूण देवांगन (39), निवासी लटोरी, शुभम अग्रवाल (23), कुंडला सिटी अंबिकापुर।
