TI को चोर ने कंधे पर बैठाकर घुमाया: थाना प्रभारी के बर्थडे सेलिब्रेशन में पहुंचा चोर गिरोह का सरगना, SP ने किया सस्पेंड
जौरा TI दर्शन लाल शुक्ला को चोर ने उनके जन्मदिन पर अपने कंधे पर बैठाकर पूरा थाना घुमाया, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद SP ने TI को सस्पेंड कर दिया है।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
मुरैना 02 मार्च 2026, मध्यप्रदेश के मुरैना में जौरा TI दर्शन लाल शुक्ला को अपराधियों के साथ जन्मदिन मनाना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने उन्हें सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया। वहीं इसकी जांच की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी को सौंपी गई है।
हिस्ट्रीशीटर ने TI को कंधे पर बैठाकर घुमाया
दरअसल, 28 फरवरी को जौरा TI दर्शन लाल शुक्ला के जन्मदिन के अवसर पर जौरा थाने में ही जश्न मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया, जिसमें कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर बाइक चोर लवकुश शर्मा भी शामिल हो गया। इतना ही नहीं उसने TI दर्शन लाल शुक्ला को अपने कंधे पर उठा लिया और पूरे थाना परिसर का चक्कर लगाया। वहीं उनके पीछे पूरा थाना स्टाफ नाच रहा था।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
इस पूरे जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते-होते पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ तक जा पहुंचा और वीडियो सही पाए जाने पर जौरा TI दर्शन लाल शुक्ला को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उन्हें लाइन अटैच भी कर दिया गया। वहीं पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी को सौंपी गई है।
दर्शन लाल शुक्ला ने क्या कहा ?
वहीं इस मामले में दर्शन लाल शुक्ला का कहना है कि कंधे पर उठाने वाला व्यक्ति उनके थाने का मुखबिर है और उसने कुछ मामलों में सूचना देकर काम भी करवाया है। भीड़ के बीच कौन आ गया उन्हें पता ही नहीं चला।
बाइक चोरी के आरोप में पकड़ाया था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, लवकुश शर्मा को 12 जून 2025 में बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। साथ ही उसके कब्जे से 13 लाख रुपए की 18 बाइके भी जब्त की गई थी। मामले का खुलासा करते हुए ASP सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने लवकुश शर्मा को वाहन चोर गिरोह का सरगना भी बताया था।
ASP सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने क्या कहा ?
वहीं इस मामले में ASP सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और फोटो सहित पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी या अनुशासनहीनता सामने आती है, तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने आगे कहा कि पुलिस विभाग की छवि और आंतरिक अनुशासन सर्वाोपरि है।
