Jashpur Accident News: 6 की मौत, यात्रियों से भरी बस पलटी, 6 की गई जान, कई घायल...
Jashpur Accident News:छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसें में 6 की मौत हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। घटना में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Jashpur Accident News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, कई यात्री गंभीर रूप से घायल है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना तपकरा थाना क्षेत्र के गोडाअंबा की है। दो दर्जन यात्रियों से भरी बस झारखंड से जशपुर के कुनकुरी जा रही थी। इसी दौरान तपकरा थाना क्षेत्र के गोडअंबा गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस के अन्दर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। बस हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक दर्जन यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की टीम ने घायलों को उपचार के लिए कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है। बस पूरी तरह क्षतिग्रसत हो गई। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जशपुर जिले में बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुःख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि यह समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए तथा उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बलौदाबाजार में चार की मौत
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार के सिमगा क्षेत्र की घटना है। आज सुबह रायपुर से आरबीएस की एक बस यात्रियों को लेकर बिलासपुर के लिए निकली थी। सिमगा क्षेत्र के दलचूरा चौक के पास पहुंची ही थी, इसी बीच सड़क किनारे खड़े यात्रियों को देखकर बस के चालक ने ब्रेक मारा। इसी दौरान तेज रफ़्तार से आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की टीम भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घायलों को बस से निकाला गया। पुलिस की टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान चार यात्रियों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का उपचार जारी है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए।
सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के चालक को पकड़ा गया। पुलिस की टीम घटना को लेकर बस चालक से पूछताछ कर रही है। साथ ही दुर्घटना की जांच की जा रही है।
