Janjgir Crime News: चोरी खुलासा, सिर्फ नहर किनारे के घर को बनाते थे टारगेट, 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ऐसे पकड़ाए 3 आरोपी... 9.54 लाख के जेवर बरामद
Janjgir Crime News: छत्तीसगढ़ में तीन शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सिर्फ नहर किनारे स्थित मकान को अपना शिकार बनाते थे। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात भी जब्त कर लिए गए...

Janjgir Crime News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा पुलिस ने नहर किनारे स्थित मकान में लाखों की हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने 300 CCTV फुटेज को खंगालने के बाद तीन आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से 9.54 लाख का माल भी जब्त किया गया है।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के द्वारा जांजगीर क्षेत्र में चोरी की घटना में आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जांजगीर क्षेत्र के सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी राशि तथा चोरी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
मुख्य फरार आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र के नहर किनारे स्थित मकानों की रेकी करता था, फिर आरोपी चोरी की योजना बनाता था। इसके लिए आरोपी ने अपने पड़ोसी से इलाज कराने जाने का बहाना कर उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटी को लेकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 26 फ़रवरी की रात 8 बजे तीनों आरोपी बिलासपुर से जांजगीर के लिए निकले। जांजगीर पहुंचकर आरोपियों ने नहर किनारे सूने मकानों की रेकी की। इसी दौरान उन्हें एक सुना बंद मकान मिला। आरोपियों ने पास में निर्माणाधीन मकान से लोहे की राड को लेकर दीवार फांदकर रात 1:30 से 2 बजे के बीच मकान के अंदर प्रवेश किया और दरवाजे का ताला व अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी चोरी कर लिए।
चोरी के बाद आरोपी जांजगीर के सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी आपस में बांट लिए। सोने-चांदी के जेवरों को मुख्य फरार आरोपी द्वारा बाद में बांटने की बात कहकर तीनों स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।
आरोपियों ने चोरी के चांदी के आभूषण को बेचने के लिए अपने परिचित जीतकुमार सूर्यवंशी निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला (बिलासपुर) की मदद ली थी। जीतकुमार सूर्यवंशी ने उन्हें अपने परिचित गीता प्रसाद साहू निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर से मिलवाया।
गीता प्रसाद साहू ने चोरी के चांदी के आभूषण को गुड़ी पारा रहौद के सूरज सोनी के पास बेचकर लगभग 80,000 रुपये प्राप्त किए। नगदी को 12-12 हजार जीतकुमार सूर्यवंशी, गीता प्रसाद साहू ने आपस में बांट लिया तथा और शेष रकम को मुख्य आरोपी को दे दिए थे।
प्रकरण में दो आरोपी फरार है। साथ ही एक नबालिक सहित अन्य 3 आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें आरोपी जीत कुमार सूर्यवंशी, गीता प्रसाद साहू ने मुख्य आरोपी का सहयोग कर चोरी गये आभुषणों को बेचने में सहयोग कर बेचौलियों का काम किया। आरोपी सूरज सोनी दुकानदार को भी आरोपी बनाया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, निरीक्षक सागर पाठक सायबर थाना प्रभारी, उनि कमलदास बैनर्जी, सअनि अरूण सिंह सायबर थाना से प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, प्रदीप दुबे, सहबाज खान, रोहित कहरा, प्रतीक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
