शादी कराओ वरना कूद जाऊंगा…300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा सनकी आशिक, प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा
Bihar Viral News : बिहार के मुजफ्फरपुर में एक सनकी युवक प्रेमिका से शादी करवाने की मांग लेकर 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

Bihar Crime News : बिहार के मुजफ्फरपुर में आज एक युवक फिल्म शोले के वीरू वाले अंदाज में दिखा। जिले के पारू धरफरी का निवासी अनीश कुमार मुजफ्फरपुर जंक्शन के साउथ गेट के पास बने 300 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसकी एक ही मांग थी कि उसकी प्रेमिका को वहां बुलाकर उसकी शादी पक्की करवाई जाए।
पुलिस को कॉल करके खुद दी जानकारी
टावर पर चढ़ने के बाद अनीश ने खुद पुलिस को कॉल किया। उसने कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन अब उसकी शादी कहीं और तय की जा रही। उसने मांग की कि पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड को मौके पर लाए और यह पक्का करे कि उनकी शादी हो। उसने चेतावनी देते हुए कहा कि उसकी मांगे पूरी नहीं हुईं तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा।
पुलिस बोली- नीचे आओ, ससुराल ले चलेंगे
पुलिस ने उस नौजवान को मनाने की कोशिश की। उसे नीचे उतारने के लिए अधिकारियों ने लाउडस्पीकर से कहा, नीचे आ जाओ, हम तुम्हें वचन देते हैं कि हम तुम्हें सीधे तुम्हारे ससुराल ले जाएंगे। प्रशासन तुम्हारे साथ चलेगा। हम लड़की के परिवार से बात करेंगे। चंद इकट्ठा कर तुम्हारी शादी यहीं पुलिस स्टेशन में करवा देंगे। इस वादे से भी अनीश का मन नहीं बदला। वह अपनी मांग पर अड़ा रहा कि उसकी गर्लफ्रेंड को वहां बुलाया जाए।
6 महीने से प्रेम-प्रसंग
अनीश का अपने गांव की ही लड़की से 6 महीने से प्रेम संबंध था। दोनों का रिश्ता छठ पूजा के दौरान शुरू हुआ था। उस समय युवती ने उससे शादी करने का वादा किया था। अब युवती की शादी की बात कहीं और की जा रही।
हाइड्रोलिक सीढ़ी छोटी पड़ी
टावर की बहुत ज्यादा ऊंचाई बचाव अभियान में बड़ी रुकावट बन गई। दमकल अधिकारी आरएन पांडे के अनुसार टावर की ऊंचाई 300 फीट यानी 120 मीटर है। वहीं, फायर ब्रिगेड की हाइड्रोलिक सीढ़ी सिर्फ 22 मीटर तक पहुंच पा रही थी। ऐसे में बचाव कर्मियों ने उस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में खुद टावर पर चढ़ना शुरू कर दिया।
लोगों की जुटी भीड़
घटना की खबर फैली मुजफ्फरपुर जंक्शन के पास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। तमाशबीन इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को मोबाइल फोन के कैमरों में कैद करते दिखे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों के अनुसार, उस युवक को सबसे पहले सुबह 11 बजे टावर पर चढ़ते हुए देखा गया था।
