Etawah katha vachak: कथावाचक के साथ बर्बरता: चोटी काटकर रगड़वाई नाक, सियासी पारा भी हुआ हाई
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से बर्बरता का एक मामला सामने आया है, जहां भगवताचार्य सहित उनके दो सहयोगियों को ब्राह्मण नहीं होने की जानकारी होने पर बुरी तरह से पीटा गया। इतना ही नहीं भगवताचार्य की चोटी भी काट दी गई और नाक रगड़वाकर गांववालों के पैर छुकर माफी भी मंगवाई गई। इसके बाद बाइक से हवा निकाल कर दोबारा पंप से हवा भरवाई गई।

Etawah katha vachak: इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से बर्बरता का एक मामला सामने आया है, जहां भगवताचार्य सहित उनके दो सहयोगियों पर ब्राह्मण नहीं होने का आरोप लगाकर बुरी तरह से पीटा गया। इतना ही नहीं भगवताचार्य की चोटी भी काट दी गई और नाक रगड़वाकर गांववालों के पैर छुकर माफी भी मंगवाई गई। इसके बाद बाइक से हवा निकाल कर दोबारा पंप से हवा भरवाई गई। यह घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। इस घटना के बाद राजनीति में भी सियासत पारा हाई हो गया है। इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ब्राह्मण न होने की बात पर बवाल
जानकारी के मुताबिक, महेवा के दांदपुर गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया था, व्यास के रूप में उन्होंने भगवताचार्य मुकट मणी (मुक्त सिंह) को बुलाया था। भगवताचार्य मुकट मणी (मुक्त सिंह) के साथ उनके दो अन्य सहयोगी संत सिंह और श्याम सिंह भी साथ आए थे। श्रीमद्भागवत कथा से पहले कलश यात्रा निकाली गई, कलश यात्रा के खत्म होते ही गांव में भगवताचार्य के ब्राह्मण न होने की बात फैल गई। इसके बाद गुस्साएं गांव वालों ने तीनों के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी।
बर्बरता की हदें पार
ग्रामिणों ने पहले तो भगवताचार्य मुकट मणी (मुक्त सिंह) के साथ उनके दो साथी को पीटा। इसके बाद भगवताचार्य की चोटी भी काट दी गई और नाक रगड़वाकर गांववालों के पैर छुकर माफी भी मंगवाई गई। इसके बाद बाइक से हवा निकाल कर दोबारा पंप से हवा भरवाई गई। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
वहीं भगवताचार्य मुकट मणी (मुक्त सिंह) ने आरोप लगाया कि उनसे 25 हजार रुपए, एक चेन और अंगूठी लूट ली गई। भगवताचार्य मुकट मणी (मुक्त सिंह) के आरोप के बाद चोटी काटने वाले चार लोगों निक्की अवस्थी, उत्तम अवस्थी, आशीष तिवारी और प्रथम दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच कराई जा रही है।
आंदोलन की चेतावनी
इधर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान भी सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इटावा के बकेवर इलाके के दांदरपुर गांव में भागवत कथा के दौरान कथावाचक और उनके सहायकों की जाति पूछी गई। पीडीए की एक जाति बताने पर, कुछ वर्चस्ववादी और प्रभुत्ववादी लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बाल कटवाए। हमारा संविधान जातिगत भेदभाव की अनुमति नहीं देता है। सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो। अगर आगामी तीन दिनों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का आह्वान कर देंगे। पीडीए के मान से बढ़कर कुछ नहीं।
