Dhamtari News: दुल्हन के भाई की हत्या, बेटी ससुराल चौथिया में पहुंचा था परिवार, नाचने के दौरान हुआ विवाद, आरोपियों ने दुल्हन के परिवार पर किया चाकू से हमला...
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी में चौथिया कार्यक्रम में पहुंचे दुल्हन के परिवार पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने दुल्हन के भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।

Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में दुल्हन के भाई की हत्या कर दी गई। युवक शनिवार रात चौथिया कार्यक्रम में परिवार के साथ शामिल होने के लिए पहुंचा था, इसी बीच उसका विवाद बाजा बजाने वालों से हो। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने चाकू, डंडे से चौथिया आये लोगों पर वार कर दिया। घटना में दुल्हन के भाई की मौत हो गई, वहीँ चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग सहित 7 आरोपियों को पकड़ा है। यह घटना मगरलोड थाना क्षेत्र की है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, प्रार्थी टेटकूराम निषाद 50 वर्ष निवासी मालगांव थाना गरियाबंद 21 फरवरी को अपनी पुत्री के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने धमतरी के ग्राम भोथीडीह थाना मगरलोड परिवार व परिचितों के साथ आए हुए थे। रात लगभग 8 बजे के आसपास बाजार चौक के पास परघनी कार्यक्रम के दौरान नाच-गान चल रहा था। इसी दौरान दुल्हन का भाई चंदन निषाद व अन्य व्यक्तियों का बाजा बजाने वाले व्यक्तियों से धक्का लगने की बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थोड़ी देर मामला शांत रहा फिर आधा दर्जन आरोपियों ने एकराय होकर चंदन निषाद व तरुण ध्रुव पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंदन निषाद की मृत्यु हो गई। तरुण ध्रुव व बीच-बचाव करने आए अन्य व्यक्तियों को भी गंभीर चोटें लगी।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 33/26 पंजीबद्ध कर जाँच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
(01) तोषण चक्रधारी, पिता डेमन चक्रधारी, उम्र 18 वर्ष 4 माह
(02) अभिषेक पटेल, पिता स्व. प्रेमलाल पटेल, उम्र 20 वर्ष
(03) हिनेश उर्फ हिलेश्वर, पिता रूपेन्द्र यादव, उम्र 18 वर्ष 4 माह
(04) ताम्रज कंवर, पिता सुधारू राम कंवर, उम्र 18 वर्ष 3 माह
(05) गुलाब दीवान, पिता नकुल दीवान, उम्र 20 वर्ष
सभी निवासी - ग्राम भोथीडीह, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.)
साथ ही प्रकरण में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख व संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी नशे में नहीं पाए गए हैं और उनका पुराना आपराधिक रिकार्ड भी नहीं है ल
इन धाराओं में अपराध दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 33/26 अंतर्गत धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 190, 109, 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
थाना मगरलोड पुलिस द्वारा त्वरित पतासाजी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
