नौकरानी ने मालिक के घर कराई फर्जी रेड: ED अफसर बनकर पहुंचे 3 लोग, कैश, गहने और महंगी घड़ियां लेकर हुए फरार
Farji ED Raid: नौकरानी ने मालिक के घर में ED की फर्जी रेड कराई। इतना ही नहीं अपने तीन साथियों के साथ लाखों कैश, गहने और 7 महंगी घड़ियां लेकर फरार हो गए।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
दिल्ली 26 फरवरी 2026, भारत की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नौकरानी ने मालिक के घर में ED की फर्जी रेड कराई और लाखों कैश, गहने और 7 महंगी घड़ियां लेकर फरार हो गए। पुलिस ने 24 फरवरी को केस दर्ज कर 25 फरवरी को नौकरानी और उसकी भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस को रिटायर्ड आर्किटेक्ट के घर ED की फर्जी रेड कर लूट के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रिटायर्ड आर्किटेक्ट की नौकरानी को पकड़ा है, जिसने अपनी भाभी और अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। उसके कब्जे से वर्दी, ID कार्ड, वायरलेस सेट बॉक्स, लूट की 7 घड़ियां और सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं।
प्रोफेशनल तरीके से मारी रेड
जानकारी के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड आर्किटेक्ट आरसी सभरवाल (86) के घर पर 11 फरवरी को ED की फर्जी रेड पड़ी थी। इस दौरान 3 लोगों ने वर्दी और ID कार्ड पहनकर अपने आप को ED अफसर बताते हुए परिवार को डराया-धमकाया और घर में तलाशी शुरु की।
कैसे हुआ खुलासा ?
शक के आधार पर जब आरसी के पोते ने उनसे पूछताछ किया, तो फर्जी अधिकारी हड़बड़ा गए। इसके बाद 3 से 4 लाख कैश,सोने-चांदी के गहने और 7 महंगी घड़ियां लेकर कार में फरार हो गए, जिसके बाद इसकी शिकायत थाने में की गई। पुलिस ने भी 24 फरवरी को केस दर्ज कर जांच शुरु की। 350 से ज्यादा कैमरे खंगालते हुए पुलिस आरोपियों की कार तक पहुंच गई।
नौकरानी के साथ भाभी भी गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस कार को ट्रेस करते हुए गाजियाबाद स्थित पूजा राजपूत (45) के घर तक पहुंच गई और फिर 25 फरवरी को छापेमारी करते हुए पूजा राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पता चला कि पूजा रिटायर्ड आर्किटेक्ट आरसी सभरवाल के घर में काम करने वाली नौकरानी रेखा देवी (40) की भाभी है। ऐसे में पुलिस ने जब रेखा से पूछताछ की, तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
कौन निकला मास्टरमाइंड ?
जानकारी ये भी मिली है कि पूजा राजपूत (45) का पति मनीष राजपूत इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड था। मनीष पहले पैरामिलिट्री फोर्स में कांस्टेबल के पद पर रह चुका है। मनीष ने ही ITBP के डिप्टी कमांडेड की वर्दी, फर्जी ID कार्ड और वायरलेस सेट बॉक्स की व्यवस्था की थी। इसी का फायदा उठाकर फर्जी छापेमारी की गई।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी पूजा राजपूत के घर से ITBP के डिप्टी कमांडेड की वर्दी, फर्जी ID कार्ड, वायरलेस सेट बॉक्स, लूट की 7 घड़ियां, सोने-चांदी के गहने और घटना में इस्तेमाल होने वाली कार जब्त किए हैं। वहीं इस मामले में तीन आरोपी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है।
