CG Raigarh News: मंत्रालय में नौकरी, तीन लोगों से 20 लाख की ठगी, आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार, उच्च अधिकारियों तक पहुंच बताकर करता था धोखाधड़ी...1 की तलाश जारी
CG Raigarh News: मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर तीन युवाओं को नौकरी लगाने के नाम पर 20 लाख की ठगी की थी।

CG Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर तीन युवाओं से 20 लाख की ठगी की थी। आरोपी के कब्जे से बैंक खाता, एटीएम, मोबाइल जब्त किया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने रायगढ़ के अलावा अन्य जिले के भी युवाओं से ठगी की घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल मामले में जांच कार्रवाई जारी है।
जानिए क्या थी शिकायत
पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम घुधवा निवासी पीड़ित कुंजबिहारी पटेल 32 वर्ष ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि ग्राम गोपालपुर थाना चन्द्रपुर जिला सक्ती निवासी सितेश पाण्ग्रिाही का गांव में आना जाना था। इस दौरान सितेश ने खुद को मंत्रालय के उच्च अधिकारियों से जान पहचान बताकर सरकारी नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी ने बताया कि वो चाहे तो किसी की भी नौकरी मंत्रालय में लगा सकता है, लेकिन इसके एवज में उसे रूपए देने होंगे।
आरोपी सितेश पाण्ग्रिाही ने अपने भाई का ज्वाइनिंग लेटर कुंजबिहारी पटेल को दिखाया और उसे विश्वास में लिया। लेटर देखकर कुंजबिहारी भी आरोपी के झांसे में आ गया और नौकरी के बदले रूपए देने के लिए तैयार हो गया।
पीड़ित कुंजबिहारी ने नौकरी पाने के लिए अपनी जमीन बेच दी और आरोपी ठग सितेश को अलग-अलग किस्तों में कुल 8,27,300 रूपए दे दिया। कई महीनों तक जब नौकरी नहीं मिली तो कुंजबिहारी ने सितेश को रूपए वापस करने को कहा तो आरोपी ने धीरे-धीरे रूपए देने की बात कहकर टालमटोल करता रहा। इसी दौरान आरोपी सितेश ने कुंजबिहारी को अपने साथ दुर्ग लाया और यहां पर विवेक कुमार नामक व्यक्ति से मिलाया। आरोपियों ने पैसे वापस करने के नाम पर पीड़ित को एक चैक दिया, जिसे जमा करने पर बाउंस हो गया।
इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित कुंजबिहारी ने इसकी शिकायत पुसौर थाना में दर्ज कराया। पुलिस ने ठगी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के मोबाइल लोकेशन के आधार पर एक आरोपी विवेक कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लोगों से 20 लाख की ठगी करने की बात कबूल की। आरोपी के कब्जे से मोबाइल, पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर 25 मार्च को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। साथ ही फरार मुख्य आरोपी सितेश पाण्ग्रिाही की तलाश की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन ने लोगों से अपील की है कि नौकरी लगाने के नाम पर झांसा देने वालें लोगों से बचे। अगर कोई व्यक्ति नौकरी लगाने के नाम पर रूपए लेता है तो उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत जरूर करें।
