CG News: रायपुर में BP मशीन के अंदर मिला कोकीन, कोरियर के माध्यम से दूसरे राज्यों से हो रही थी सप्लाई...
CG News: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में बीपी मशीन की आड़ में कोकीन की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

CG News: रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक शातिर ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीपी मशीन कोरियर की आड़ में दूसरे राज्यों से कोकिन मंगाता था। पुलिस ने आरोप के कब्जे से 4.55 ग्राम कोकीन जब्त किया है, जिसकी कीमत 2.27 लाख है।
दरअसल, रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को सूचना मिली थी कि 19 मार्च को देवेंद्र नगर क्षेत्र के नारायण हाॅस्पिटल सेक्टर 05 के पास 1 व्यक्ति चारपहिया वाहन में अपने पास कोकीन रखा हुआ है। इस सूचना को क्राइम एण्ड साइबर के डीसीपी स्मृतिक राजनाला व डीसीपी मध्य क्षेत्र उमेश प्रसाद ने गंभीरता से लिया। क्राइम व पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन सवार आरोपी को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कृष्ण गोपाल अग्रवाल निवासी रायपुर का होना बताया। आरोपी के चारपहिया वाहन की तलाशी लेने पर उसके पास श्री मारूती फर्म द्वारा कोरियर का एक पैकेट मिला।
पुलिस ने जब पैकेट को खोला तो उसमे एक बीपी की मशीन मिली। मशीन को चेक करने पर उसके अंदर कोकीन मिला। बीपी मशीन के अंदर कोकीन देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बीपी मशीन की आड़ में वो दूसरे राज्यों से कोकीन की सप्लाई करता था और फिर रायपुर में खपाया करता था।
आरोपी के कब्जे से जब्त सामान
पुलिस की टीम ने आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल के कब्जे से कुल 4.55 ग्राम कोकीन, जिसकी कीमत 2,27,500 व एक नग चारपहिया वाहन गै्रण्ड विटारा क्र सीजी 04-एन एक्स-3300, 1 आईफोन जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना देवेंद्र नगर में धारा 22बी नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी से फाॅरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम
कृष्ण गोपाल अग्रवाल निवासी विजय अग्रवाल 28 वर्ष निवासी हाउस नं 22 सेक्टर-1 गीतांजली नगर खम्हारडीह।
