Begin typing your search above and press return to search.

CG News: ढोंगी तांत्रिक ने महिला लेखाधिकारी को लगाया 36 लाख का चूना

ढोंगी तांत्रिक ने महिला लेखाधिकारी को अनिष्ट की आशंका बताकर समस्या निवारण के लिए अनुष्ठान करने हेतु 36 लाख रुपए से ठग लिया। महिला लेखाधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी तांत्रिक को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।

CG News: ढोंगी तांत्रिक ने महिला लेखाधिकारी को लगाया 36 लाख का चूना
X
By Radhakishan Sharma

दुर्ग। ढोंगी तांत्रिक ने महिला लेखा अधिकारी से 36 लाख 66 हजार रुपए ठग लिया। शातिर तंत्रिक ने जन्म कुंडली में दोष और ग्रह दशा की बिगड़ती चाल सेे अनिष्ट होने की बात कही। जान का खतरा बताया और कहा कि वह अनिष्ट को दूर कर देगा। महिला अधिकारी उसके झांसे में आ गई और किश्तों में अपनी जमा पूंजी लूटा दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कुलदीप महाराज के खिलाफ धारा 318 (4), 308(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे हरियाणा से गिरफ्तार किया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

जुनवानी सीएचपीएल शिखर अपार्टमेंट निवासी पल्लवी जायसवाल (46 वर्ष) की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया है। पल्लवी जायसवाल निको कंपनी में लेखाधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उनकी शिकायत पर अपराध दर्ज कर सुपेला टीआई विजय यादव ने आरोपी हरियाणा रोहतक निवासी कुलदीप पिता जगजीवन को हिरासत में लिया। आरोपी फिलहाल नेहरू नगर स्थित मंदिर के पीछे रह रहा था। तंत्र मंत्र का डर दिखाकर युवती से ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके ठिकाने पर जब दबिश दी तो घर से तंत्र विद्या की सामग्री, जड़ी बूटी, प्रचार प्रसार सामग्री एक्यूप्रेशर मशीन, दो मोबाइल और एक कार मिला, जिसे जब्त किया गया।

पल्लवी जायसवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में वह नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा करने जाती थी। इस बीच मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा से पहचान हुई। पहचान होने पर उनसे अपनी परेशानी को लेकर चर्चा की। परिचय मिश्रा ने कहा कि कुलदीप सिद्ध गुरु हैं। कुंडली देखकर सभी समस्या का निवारण कर देते हैं। उसने कुलदीप से ग्रह और कुंडली दोष के निवारण के लिए महापूजन कराने की सलाह दी। फिर परिचय मिश्रा ने पल्लवी की मुलाकात कुलदीप महाराज से कराई। कुलदीप महाराज ने उसके जीवन को संकट में बताया और डराया कि बहुत बड़ा अनिष्ट हो जाएगा। ग्रह शांति की पूजा के लिए 18 जनवरी 2023 को पल्लवी ने उसके अकाउंट में 17 हजार रुपए डाला। इसके बाद उसे तरह-तरह के ग्रहों का डर दिखाकर किस्तों में रकम ऐंठने लगा। 18 जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 तक 36 लाख 66 हजार रुपए उसके बैंक खातों में ट्रांसफर कर चुकी है, लेकिन उसके जीवन में शांति नहीं आई। उसकी परेशानी दूर नहीं हुई।

पल्लवी ने बैंक से लोन लेकर कथित सिद्ध गुरु को रुपये दिया। आरोपी कुलदीप महाराज उनका मकान भी अपने नाम पंजीकृत कराने की बात करने लगा। उसे जान का खतरा बताकर धमकाने लगा। पीड़िता के अपार्टमेंट में जाकर उसका दरवाजा भी खटखटा चुका है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुलदीप सोशल मीडिया पर पंडितों का प्रवचन देखकर योगाचार्य बन बैठा। अपने को सिद्ध गुरु बताने लगा। न्यूज पेपर में विज्ञापन देकर अपना प्रचार प्रसार करने लगा। अंदेशा है कि उसके झांसे में और भी लोग आए होंगे। पुलिस जांच कर रही है।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story