CG Crime News: किसानों से 8.45 करोड़ की ठगी, CG पुलिस ने पश्चिम बंगाल से आरोपी को किया गिरफ्तार, ठगी के रूपयों से खुद के लिए खरीदी दो कार, सोना और बंगला...
CG Crime News: छत्तीसगढ़ में किसानों से 8.45 करोड़ की ठगी करने वाले आरोपी को बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी की घटना को अंजाम दिया था।

CG Crime News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के किसानों और अकाउंटेंट से 8.45 करोड की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगी के रूपयों से खुद के लिए दो कार, गोल्ड और बंगला खरीदा है। ठगी की घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार था, जिसे छत्तीसगढ़ पुलिस ने पश्चिम बंगाल से धर-दबोचा है।
जानिए पूरा मामला
घटना चांपा थाना क्षेत्र की है। सक्ती जिला निवासी भूधर प्रसाद देवांगन 38 वर्ष ने चांपा थाना क्षेत्र में 30 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में भूधर प्रसाद ने बताया कि वो अकाउंटेंट है और 2021 में उसकी जान पहचान पश्चिम बंगाल निवासी विश्वजीत देबनाथ के साथ हुई थी। इस दौरान विश्वजीत देबनाथ ने शेयर मार्केट में पैसा लगाने के नाम पर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया। साथ ही हर महीने जमा रूपये पर पांच प्रतिशत ब्याज देने का लालच दिया। भूधर प्रसाद समेत कई किसानों ने लाभ के लालच में करीब 8.45 करोड़ रूपये जमा कराए।
8 माह तक आरोपी ने पीड़ितों को दिया ब्याज
रूपये देने के 8 माह तक आरोपी ने पीड़ितों को ब्याज दिया। फिर रूपये देने से मना करने लगा और घुमाने लगा। पीड़ितो ने जब रुपये वापस करने का ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी विश्वजीत देबनाथ ने अपना फोन बंद कर लिया। पीड़िता ने खुद को ठगा महसूस कर भूधर प्रसाद के साथ थाना चांपा पहुंचकर इसकी शिकयत दर्ज कराई। पीड़ितों की शिकायत को एसपी विजय पांडेय ने गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिये।
बंगाल से गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया। टीम द्वारा जांच में पता चला कि आरोपी विश्वजीत बंगाल में छुपा हुआ है। जांजगीर पुलिस ने बंगाल में रेड कर आरोपी विश्वजीत को गिरफ्तार किया।
आरोपी ने कबूल किया है कि उसने ठगी के रुपयों से क्रेटा कार, सोना, घर और कुछ गोल्ड को आईडीबीआई बैंक में जमा करवाया है। आरोपी के कब्जे से क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंको का चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, एक पेन कार्ड, एक आधार कार्ड, ड्रायवरी लायसेंस व 3 नग महंगे मोबाइल समेत नगदी बरामद की है। आरोपी को पुलिस रिमांड लिया गया, साथ ही प्रकरण के संबंध में आरोपी से पूछताछ जारी है।
