Bilaspur News: छत्तीसगढ़ में एक और सोनम; लव मैरिज और सुपारी किलिंग: शराबी पति की कराई हत्या
Bilaspur News: पुलिस को अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली है। लव मैरिज के बाद शराबी पति के द्वारा मारपीट करने से तंग आकर पत्नी ने अपनी मां, जीजा और जीजा के दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए पत्थर से शव का चेहरा कुचल दिया। पुलिस में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और टेक्निकल एविडेंस के आधार पर हत्या में शामिल पत्नी समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है।

Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस को अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलाझाने में सफलता मिली है। शराबी पति से तंग आकर पत्नी ने हत्या की योजना बनाई। फिर अपने रिश्तदारों को एक लाख रूपए की सुपारी दी। इसके बाद दो युवकों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो महिला व दो युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बाइक पत्थर, 4 नग मोबाइल जब्त किया गया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है।
7 जुलाई को चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिर्री माईन्स के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया था। तत्काल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शरीर पर मिले चोंट के निशान से यह स्पष्ट था कि अज्ञात मृतक को प्राणघातक चोंट पहुंचाकर हत्या की गई है। पुलिस इस मामले में हत्या के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही थी।
पुलिस ने एसीसीयू टीम व सायबर सेल की टीम के साथ मिलकर जांच शुरू की। इस बीच पुलिस ने मृतक की पहचान ग्राम मोहनपुर थाना बलौदा जिला जांजगीर चाम्पा निवासी साहिल कुमार पाटले पिता राजकुमार पटेल (24)के रूप में की गई। मृतक साहिल पाटले और वर्षा खुंटे ने प्रेम विवाह किया था। साहिल शराब पीने का आदि था, जो अपनी पत्नि वर्षा को शराब के नशे में मारता पिटता था। वर्षा ने अपनी मां सरोजनी को बतायी। तब वर्षा और सरोजनी ने राजाबाबू खुंटे व विकास आदिले के साथ मिलकर साहिल पाटले की हत्या की योजना बनाई और 1 लाख रूपए में मारने की सुपारी दी। सास सरोजनी ने एडवांस में 8 हजार रूपए राजाबाबू को दिया था। इसके बाद राजाबाबू और विकास ने साहिल के साथ बाइक क्रमांक सीजी 11 बीजे 1748 में बैठाकर घटना स्थल हिर्री माइन्स के पास ले गए। वहां तीनों ने शराब पार्टी की। जब साहिल को नशा हो गया,तब पास पड़े पत्थर को उठाकर राजाबाबू और विकास ने उसके सिर कई बार वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों युवक फरार हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी सास सरोजनी खुंटे (38) पत्नी वर्षा खुटे (20), राजाबाबू खुंटे (24), विकास आदिले (19) सभी ग्राम कुरमा थाना बलौदा जांजगीर चांपा निवासी को गिरफ्तार किया है।
इस तरह गिरफ्तार हुए आरोपी
अंधे कत्ल को सुलझाने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने एसीसीयू के एडिशनल एसपी अनुज कुमार, चकरभाठा सीएसपी रश्मित कौर चावला और टीआई उत्तम साहू के निर्देशन में जांच टीम बनाई थी। जांच टीम ने मृतक की शिनाख्ति के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाला और टेक्निकल एविडेंस से अज्ञात शव और अज्ञात आरोपियों की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मृतक की शिनाख्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
