मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली कफ़ सिरप का कारोबार, पुलिस ने छापेमारी कर किया खुलासा, संचालक को रंगे हाथों किया गिरफ्तार
बलौदाबाजार–भाटापारा जिला पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करने वाले मेडिकल संचालक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जय मां शारदा मेडिकल हाल के संचालक को पुलिस ने दबिश देकर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

npg.news
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार–भाटापारा जिला पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करने वाले मेडिकल संचालक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जय मां शारदा मेडिकल हाल के संचालक को पुलिस ने दबिश देकर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला सिमगा थाना क्षेत्र का है।
रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रायपुर रेंज के सभी जिलों की पुलिस ऑपरेशन निश्चय चला रही है। इस अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार पर कार्यवाही तथा गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ एक्शन लिया जाता है। इसी अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेडिकल दुकान में प्रतिबंधित टैबलेट, इंजेक्शन और कफ सिरप रखकर नशे के लिए बेचने का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिमगा पुलिस टीम ने 3 अप्रैल 2026 को सुनियोजित तरीके से बेमेतरा रोड स्थित दुकान पर दबिश दी।
दबिश के दौरान पुलिस को देखकर संचालक घबरा गया। टीम ने जब दुकान की बारीकी से जांच की, तो वहां प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा मिला। पुलिस ने मौके से 4 पत्ते प्रतिबंधित टैबलेट, 40 नग इंजेक्शन, 6 कफ सिरप जब्त किए, जिनकी कीमत लगभग 2265 रुपए आंकी गई। साथ ही बिक्री से प्राप्त 500 रुपए नकद भी जब्त किया गया।
बरामद दवाइयों की पुष्टि के लिए खाद्य एवं औषधि विभाग से जांच कराई गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि ये दवाइयां प्रतिबंधित हैं और नशे के रूप में उपयोग की जा रही थीं।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी योगेश कुमार देवांगन (36 वर्ष) निवासी कंकालीन पारा सिमगा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
