
सरगुजा और कोरिया में गाज गिरने के मामले.. पाँच मवेशी समेत दो ग्रामीणों की मौत.. आठ घायल
अंबिकापुर/बैकुंठपुर,18 मई 2021। सरगुजा और कोरिया में कई जगहों पर आकाशीय
बिजली गिरने की खबरें आई हैं। पंक्तियों के लिखे जाने तक चार अलग अलग घटनाओं में मवेशियों और ग्रामीणों की मौत हुई है जबकि आठ घायल हुए हैं।
दो घटनाएँ कोरिया ज़िले में दर्ज हुई हैं जिनमें भौता गाँव में पाँच ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हैं, जबकि बेलबहरा इलाक़े के जंगल में लकड़ी बिन रहे ग्रामीणों पर गाज गिरी, यहाँ एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर हैं।
दो घटनाएँ सरगुजा में हुई हैं, ज़िले के मुटकी में आकाशीय बिजली गिरने से ग्रामीण झुलस गया,ग्रामीणों ने युवक को गोबर के गड्डे में गाड़े रखा, जिसके बाद उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मैनपाट और निम्हा से खबर है कि पाँच मवेशियों की मौत आकाशीय बिजली के गिरने से हुई है।
