कलेक्टर का अनोखा प्रयासः शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने सरकारी स्कूलों को गोद लेने की योजना, जिले के हर अधिकारी लेंगे एक-एक स्कूलों की देख-रेख की जिम्मेदारी

रोहतास, 3 दिसम्बर 2021। बिहार के रोहतास में अनोखी पहल की शुरुआत की गई है. ये पहल शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया गया है. जिसको लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में दो दिन पहले बुधवार को जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की सबसे खास बात यह रही कि अब हर अधिकारी एक-एक सरकारी विद्यालय को गोद लेंगे, ताकि शिक्षा में गुणात्मक सुधार हो सके।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिये कलेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने कुछ नया करने की सोची। इसी के लिये योजना के तहत जिले के सभी प्रधानाध्यापको को बैठक के लिए बुलाया गया। एक साथ होने वाली बैठक में बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापको को शामिल होना था लिहाजा बैठक का आयोजन सासाराम के न्यू स्टेडियम फजलगंज के खुले मैदान में किया गया. जिसमें उपस्थित प्रधानाध्यापकों ने अपनी-अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखा. वहीं अधिकारियों ने भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बहाल करने के निर्देश दिए. इस बैठक की सबसे बड़ी बात यह है कि जिले के शिक्षा से जुड़े अधिकारी अब विद्यालयों को गोद लेंगे और उन विद्यालयों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अधिकारियों द्वारा जिस स्कूल को गोद लिया जाएगा उनमें समय समय पर पहुँच कर गुणवत्ता का निरीक्षण करने के साथ ही बच्चो से बात किया जाएगा। जिलाधिकारी की यह अनूठी पहल स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास मानी जा रही हैं।
