
बिलासपुर 21 अक्टूबर 2021। नगर निगम द्वारा स्मृति वन में सोलर पैनल स्थापित कर दिया गया है। टेस्टिंग सफल होने के बाद गुरूवार से सोलर लाइट का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। सोलर लाइट के ज़रिए संचालन से बिजली बिल के रूप में हर महीने तीन लाख रूपये की बचत निगम को होगी।
अमृत मिशन योजना के तहत निगम द्वारा उद्यान विकास के लिए क्रेडा के साथ मिलकर 70 लाख रूपये की लागत से सोलर पैनल स्मृति वन के साइंस म्यूजियम बिल्डिंग की छत पर लगाया गया है। सोलर पैनल से उत्पन्न होने वाली बिजली का उपयोग उद्यान और एम्यूजमेंट पार्क में किया जाएगा। शेष बिजली को सीएसपीडीसीएल को दिया जाएगा.इसके लिए नगर निगम को निर्धारित दर पर भुगतान मिलेगा इसके लिए कागजी कार्रवाई की जा रही है। स्मृति वन में सोलर पैनल स्थापित हो जाने से बिजली बचत के क्षेत्र में प्रोत्साहन मिलेगा। स्मृति वन में बिजली के उपकरण,लाइट,एम्यूजमेंट पार्क समेत अन्य चीजों के संचालन में हर महीने लगभग तीन लाख रूपये की बिजली खपत होती है,पैनल के उपयोग से इतने राशि की बचत होगी।
