Begin typing your search above and press return to search.

शीतलहर से बचाव के लिए ज़रूरतमंदों को कंबल दान कर रहे एनजीओ, कलेक्टर सौरभ कुमार ने की सराहना

शीतलहर से बचाव के लिए ज़रूरतमंदों को कंबल दान कर रहे एनजीओ, कलेक्टर सौरभ कुमार ने की सराहना
X
By NPG News

रायपुर 21 दिसम्बर 2021। कलेक्टर सौरभ कुमार के निर्देश पर रायपुर स्मार्ट लिमिटेड द्वारा निर्धन परिवारों को ठंड से सुरक्षा प्रदान करने गर्म कपड़े और कंबल दान हेतु संस्थाओं और संगठनों को प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल से जुड़कर रायपुर में कई एन.जी.ओ. के वालंटियर्स सड़कों, गली, मोहल्लों में देर रात तक घूम-घूमकर जरूरतमंद लोगों को कंबल और गर्म कपड़े प्रदान रहे हैं। कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने स्वयं सेवी संस्था के इस नेक कार्य की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया है।

स्मार्ट सिटी रायपुर में अपनी स्वैच्छिक सेवा देने वाले कई एन.जी.ओ. कंबल दान की इस मुहिम का हिस्सा बने हैं। एन.जी.ओ. नेकीकर फाउंडेशन, कुछ फ़र्ज़ हमारा भी, सहयोग एक कोशिश, आस एक प्रयास, सर्व मंगल फाउंडेशन सहित कई संस्थाएँ इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग दे रही हैं। एन.जी.ओ. के कार्यकर्ता देर रात तक सड़कों, मोहल्लों में जाकर जरूरतमंद लोगों तक पहुँच रहे हैं और उन्हें गर्म कपड़े और कंबल भेंट कर रहे हैं। शीतलहर से पूरे छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, इसे देखते हुए राजधानी रायपुर में नगर निगम द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट बाज़ारों, सार्वजनिक स्थलों सहित खुले क्षेत्रों में ठंड से बचाव के लिए अलाव भी जलाए जा रहे है।

नेकीकर फाउंडेशन के 40 से अधिक वालंटियर्स इस समय शहर के चौक-चौराहों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर रहे हैं। संस्था द्वारा 200 से अधिक व्यक्तियों को कंबल प्रदान किया गया। वहीं स्वयं सेवी संस्था कुछ फर्ज हमारा भी जरूरतमंदों को मदद पहुंचाने में जुटी है। संस्था ने 150 से अधिक व्यक्तियों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराए हैं। इनके अलावा शहर की कई अन्य स्वयं सेवी एवं समाजसेवी संस्थाएं भी जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने में जुटी हुई हैं।

Next Story