Begin typing your search above and press return to search.

छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग का 17वां स्थापना दिवस, गरिमामय रूप से आयोजित

छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग का 17वां स्थापना दिवस, गरिमामय रूप से आयोजित
X
By NPG News

रायपुर 1 फरवरी 2022, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के 17वां स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य वर्चुअल समारोह का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश की सम्माननीय राज्यपाल अनसुइया उइके के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ के समस्त निजी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति, कुलपति, कुलसचिव और प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।

विदित हो कि नया रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के नवीन भवन ''विद्या निलयम्'' में आयोजित उक्त समारोह के प्रथम चरण में ज्ञान और विद्या की देवी माँ सरस्वती के मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना करने के पश्चात् कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के सदस्यों के द्वारा सम्माननीय राज्यपाल अनसुइया उइके और 15 निजी विश्वविद्यालय के कुलाधिपतियों, कुलपतियों और कुलसचिवों का वर्चुअल रूप से स्वागत किया गया।

छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग की सदस्य सरिता सिन्हा के द्वारा समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि एवं समस्त अतिथियों के स्वागत में स्वागत भाषण दिया गया। उसके पश्चात् छत्तीसगढ़ के सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपतियों, कुलपतियों और कुलसचिवों ने अपना उद्बोधन प्रस्तुत करने के साथ सम्माननीय राज्यपाल को अपने विश्वविद्यालय की नवीन उपलब्धियों से परिचित कराया। स्वागत एवं उद्बोधन कार्यक्रम के पश्चात् छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अकादमिक सदस्य डाॅ. उमेश कुमार मिश्र ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और वर्ष भर की उपलब्धियों का क्रमवार विवरण सम्मिलित था।

छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष महामहोपाध्याय डाॅ. शिव वरण शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल के निर्देशन और मार्गदर्शन में आयोग के द्वारा उच्च शिक्षा नीति के महत्व को ध्यान रखते हुए निजी विश्वविद्यालयों को नियमानुसार संस्थान संचालित करने एवं आधुनिक एवं शोधपरक शिक्षा प्रदान करने के लिए कार्य किया जाता है। जिसमें हम काफी हद तक सफल रहे हैं। भविष्य में भी हम भारतीय संस्कृति के अनुरूप निजी विश्वविद्यालयों के द्वारा अनुसंधानपरक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बेहतर कार्यक्रमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध हैं।

समारोह में ''विद्या निलयम्'' स्मारिका का महामहिम द्वारा विमोचन किया गया। समारोह के अंत में छत्तीसगढ़ की सम्माननीय राज्यपाल और कुलाध्यक्ष ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग के अध्यक्ष की सक्रियता से निजी विश्वविद्यालयों के द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। इनके द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में मैं सम्मिलित होती रही हँू। आज यहाँ पर उपस्थित निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति और कुलाधिपति के उद्बोधन से यह पता चलता है कि विषम परिस्थितियों में भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उन सभी की उपलब्धियां सराहनीय है। समारोह के अंत में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष महामहोपाध्याय डाॅ. शिव वरण शुक्ल ने माननीय राज्यपाल और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उक्त आयोजन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग की समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Next Story