Begin typing your search above and press return to search.

केरल, हिमाचल, तमिलनाडु और पुड्‌डुचेरी के चमगादड़ों में मिला कोरोना वायरस…क्या चमगादड़ से इंसान में आ रहा है कोरोना वायरस? ICMR ने दिया यह जवाब

केरल, हिमाचल, तमिलनाडु और पुड्‌डुचेरी के चमगादड़ों में मिला कोरोना वायरस…क्या चमगादड़ से इंसान में आ रहा है कोरोना वायरस? ICMR ने दिया यह जवाब
X
By NPG News

नईदिल्ली 15 अप्रैल 2020. नया कोरोनावायरस जानवरों से इंसानों तक कैसे पहुंचा, इस पर भले ही वैज्ञानिकों की एक राय न हो लेकिन देश के केरल, हिमाचल, तमिलनाडु और पुड्‌डुचेरी के चमगादड़ों में कोरोनावायरस पाया गया है। इसे लेकर भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के प्रवक्ता ने आज कोरोना पर डेली ब्रीफिंग के दौरान बताया कि चमगादड़ों से इंसान में कोरोना वायरस आने की घटना हजार साल में एकाध बार हो जाए तो यही बहुत बड़ी बात है। कोरोना वायरस चमगादड़ों में पाया जाता है, लेकिन वह चमगादड़ों का ही वायरस होता है, इंसानों में नहीं आ सकता।

बता दें कि कोरोना वायरस का संक्रमण भारत में लगातार बढ़ रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में 1076 पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11439 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना से 38 लोगों की मौत हुई है, जिससे कोविड-19 महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 377 पहुंच गया है।

बता दें कि भारत के वैज्ञानिकों ने देश के 4 राज्यों में चमगादड़ों के नमूनों में बैट कोरोना वायरस (बीटी सीओवी) होने की पुष्टि की थी। वैज्ञानिकों का कहना था कि यह कोरोना वायरस कोविड-19 बीमारी के कोरोना वायरस सार्स सीओवी2 से मिलता जुलता हो सकता है। डॉक्टर प्रज्ञा यादव के नेतृत्व में हुए इस शोध का मकसद यह जानना था कि कोरोना वायरस की प्रजाति के कौन से और वायरस चमगादड़ या अन्य जीवों में मौजूद हो सकते हैं। यह शोध इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च में प्रकाशित हुआ है।

10 राज्यों में अध्ययन :
इस शोध में वैज्ञानिकों ने भारत के 10 राज्यों में मौजूद दो प्रजाति की चमगादड़ के सैम्पल लिए थे। इनमें पिटरोपस एवं रोसेट्स प्रजाति के चमगादड़ों के नमूने लिए गए। वैज्ञानिकों ने पाया कि भारत में 10 राज्यों में से 4 राज्यों के चमगादड़ों में बैट कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।

इन राज्यों में मिला वायरस :
केरल, हिमाचल और तमिलनाडु और पॉन्डिचेरी में चमगादड़ से लिए गए नमूनों में बैट कोरोना वायरस मिलने की पुष्टि हुई है।

छह राज्यों में नहीं मिला :
10 राज्यों में चमगादड़ की दो प्रजातियों के सैम्पल लेकर कोरोना की पीसीआर जांच की गई थी। इनमें छह राज्यों में सैम्पल निगेटिव आये हैं। इनमें कर्नाटक, चंडीगढ़, उड़ीसा, पंजाब , गुजरात, तेलंगाना में चमगादड़ में बैट कोरोना वायरस नहीं मिला।

Next Story