कोरोना Updates: देश में मरीजों की संख्या 10 लाख के पार, इन 9 राज्यों के आंकड़े गंभीर… 24 घंटे में सबसे अधिक पॉजिटिव केस आए सामने…. एक दिन में 687 लोगों की मौत
नईदिल्ली 17 जुलाई 2020। भारत में कोरोना वायरस के कुल मामले दस लाख का आंकड़ा पार कर चुके हैं. दुनिया में ये आंकड़ा पार करने वाला भारत सिर्फ तीसरा देश है। देश में कोरोना वायरस के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं और हर रोज 35 हजार के करीब मामले दर्ज किए जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 34,956 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमित होने वाले लोगों की सबसे अधिक संख्या है। महज तीन दिन पहले ही संक्रमितों की संख्या नौ लाख के पार हुई थी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 10,03,832 हो गए जबकि एक दिन में 687 लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 25,602 हो गया है।
पिछले 24 घंटों में कुल 22,942 लोग स्वस्थ हुए हैं जो एक दिन में स्वस्थ लोगों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही भारत में 6,35,756 लोग इस संक्रामक रोग से स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3,42,473 मरीजों का अब भी कोविड-19 का इलाज चल रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक करीब 63.33 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण के मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। यह लगातार छठा दिन है जब कोरोना वायरस के 28,000 से अधिक मामले आए हैं।
पिछले 24 घंटों में जिन 687 लोगों की मौत हुई है उनमें से 266 की महाराष्ट्र, 104 की कर्नाटक, 69 की तमिलनाडु, 58 की दिल्ली, 40 की आंध्र प्रदेश, 34 की उत्तर प्रदेश, 23 की पश्चिम बंगाल, 17 की बिहार, 16 की जम्मू कश्मीर, 10-10 की तेलंगाना और गुजरात तथा नौ की मौत पंजाब में हुई है।
इन राज्यों में हालात हुए बेकाबू…
देश में महाराष्ट्र ऐसा राज्य है, जहां कुल आंकड़ों के करीब 30 फीसदी मामले सामने आ रहे हैं. महाराष्ट्र में हर दिन नया रिकॉर्ड बन रहा है और अब तो 8000 केस प्रति दिन के हिसाब से आ रहे हैं. दूसरी ओर तमिलनाडु और कर्नाटक में भी हर रोज चार हजार नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं. जिन राज्यों में हर रोज सबसे अधिक मामले आ रहे हैं, उनपर एक नज़र डालिए…
राज्य | 24 घंटे में केस | कुल केस |
महाराष्ट्र | 8641 | 2.84 लाख |
तमिलनाडु | 4549 | 1.56 लाख |
दिल्ली | 1652 | 1.18 लाख |
कर्नाटक | 4169 | 51 हजार |
उत्तर प्रदेश | 2058 | 43 हजार |
आंध्र प्रदेश | 2593 | 38 हजार |
बिहार | 1385 | 21 हजार |
पश्चिम बंगाल | 1690 | 36 हजार |
तेलंगाना | 1676 | 41 हजार |
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से आठ, मध्यप्रदेश में सात, झारखंड में चार, हरियाणा में तीन, असम, केरल और ओडिशा में दो-दो जबकि छत्तीसगढ़, गोवा और पुडुचेरी में एक-एक शख्स ने जान गंवाई।
बताया गया है कि देश के 10 शहरों में कोरोना के 52.7 प्रतिशत सक्रिय मामले हैं। सक्रिय मामले, जिनका इलाज चल रहा है एक महत्वपूर्ण मीट्रिक है क्योंकि यह सीधे किसी भी क्षेत्र में स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली पर दबाव को दर्शाता है। बुधवार रात तक देश में कोरोना के 968,405 मामले दर्ज किए गए थे। इसमें से 330,725 सक्रिय मामले थे।
ज्यादातर राज्य शहर आधारित नहीं बल्कि जिला आधारित संख्या को जारी करते हैं। जिन दस जिलों में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं उनमें से आठ शहरी जिले हैं। सक्रिय मामलों की कुल संख्या के लिहाज से पांच सबसे प्रभावित शहरों में से तीन महाराष्ट्र में हैं। यह पश्चिमी भारतीय राज्य में वायरस के प्रसार से उभरने वाली संख्या को उजागर करता है।