कांस्टेबल का फंदे पर लटका मिला शव: पत्नी की 18 दिन पहले हुई थी मौत… जहां किया था पत्नी का दाह संस्कार उसी जगह पर लगा ली फांसी

बलोद 11 अगस्त 2021। पत्नी की मौत के सदमें से दुखी एक आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक आरक्षक का शव आज सुबह नदी किनारे एक पेड़ पर लटका मिला है। ग्रामीणों ने शव को देखने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल शव को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक आरक्षक का नाम मनीष कुमार नेताम था जो बलोद के टेकापार गांव का रहने वाला था और धमतरी के बोरई थाने में पदस्थ था।
दरअसल मनीष कुमार नेताम की शादी 22 मई 2021 को हेमलता नेताम से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों हसी खुशी से जीवन बीता रहे थे। आरक्षक अपनी पत्नी को बेहद खुश भी रखता था। 24 जुलाई को जब मनीष ड्यूटी पर गया था इस दौरान घर में काम करते वक्त उसकी पत्नी को अटैक आ गया और वो जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद बाद उसे उपचार के लिए आरक्षक ने अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पत्नी की मौत की खबर के बाद से ही मनीष बहुत उदास और शांत रहने लगा था। साथ ही जिस जगह पत्नी का दाह संस्कार हुआ था, उस जगह जाकर रोज रोता था। पत्नी के चले जाने के गम से वो ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था।
मंगलवार 7 अगस्त को घर से बीना किसी को बताये ही गायब हो गया था, जिसके बाद आज सुबह जिस जगह पर उसकी पत्नी का दाह संस्कार हुआ था उसी जगह पर लगे बबूल के पेड़ पर उसका शव फंदे पर लटका मिला। इधर आरक्षक के मौत की खबर के बाद घटना पर बालोद पुलिस पहुंची और शव को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।