Begin typing your search above and press return to search.

CM की बहन गिरफ्तार, मुख्यमंत्री ने की निंदा… जमीन अधिग्रहण का विरोध करने के मामले में हुई गिरफ्तारी

CM की बहन गिरफ्तार, मुख्यमंत्री ने की निंदा… जमीन अधिग्रहण का विरोध करने के मामले में हुई गिरफ्तारी
X
By NPG News

जमशेदपुर 23 अगस्त 2021. झारखंड के राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की बेटी सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के ओडिशा की प्रदेश अध्यक्ष अंजनी सोरेन समेत अन्य जेएमएम नेताओं को गिरफ्तार किया गया है. सुंदरगढ़ जिला प्रशासन ने इन्हें राउरकेला से गिरफ्तार किया है. जमीन अधिग्रहण का विरोध करने के मामले में इनकी गिरफ्तारी की गयी है. झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने इस संदर्भ में बातचीत की है और ओडिशा सरकार के पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है.

सुन्दरगढ़ जिले के राजगांगपुर व कुत्रा ब्लॉक में जिंदाल व ओसीएल कंपनी द्वारा किये जा रहे जमीन अधिग्रहण का विरोध करने पर यह कार्रवाई की गयी है. सुंदरगढ़ में ओडिशा की प्रदेश अध्यक्ष अंजनी सोरेन के अलावा पूर्व विधायक सह राज्य कोषाध्यक्ष प्रह्लाद पूर्ती, झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य पवन सिंह, लेथा तिर्की, मयूरभंज जिला उपाध्यक्ष पार्वती पूर्ती समेत अन्य को होटल से गिरफ्तार किया गया.

झामुमो नेताओं को राउरकेला के होटल रिजेंसी इन से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पदाधिकारी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं के साथ इस दौरान तू तू-मैं मैं भी हुई है. इनकी गिरफ्तारी से सुंदरगढ़ जिले के मूलवासियों और आदिवासियों में गहरा असंतोष व आक्रोश है. झामुमो सुंदरगढ़ जिला कमेटी ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की और राजगांगपुर तथा सुंदरगढ़ जिले में जमीन अधिग्रहण का विरोध करती है और आगे भी जिले में प्रशासन व कंपनी द्वारा किये जा रहे जमीन अधिग्रहण का विरोध करती रहेगी.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले में बातचीत की है. उन्होंने ओडिशा सरकार के पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि ये कार्रवाई असंवैधानिक है. आपको बता दें कि अंजनी सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की बेटी हैं और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की बहन हैं.

Next Story