Begin typing your search above and press return to search.

CM बदलेंगे!.. सियासी भूचाल के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे मुख्यमंत्री, हाईकमान के फैसले का इंतजार…

CM बदलेंगे!.. सियासी भूचाल के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे मुख्यमंत्री, हाईकमान के फैसले का इंतजार…
X
By NPG News

नईदिल्ली 8 मार्च 2021। उत्तराखंड बीजेपी की कोर ग्रुप की अचानक हुई बैठक और उसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में पार्टी उपाध्यक्ष और राज्य प्रभारी दुष्यंत गौतम की उपस्थिति ने राज्य सरकार में कुछ बड़े परिवर्तन की अटकलों को हवा देकर प्रदेश का सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अलग-अलग चली बैठकों के बाद दोनों केंद्रीय नेता दिल्ली लौट गए। रमन सिंह और दुष्यंत गौतम विधायकों व सांसदों से हुई बातचीत के बारे में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।

माना जा रहा है कि बीजेपी राज्य में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को बदलकर उनकी जगह किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर सकती है। सीएम की रेस में कई बीजेपी दिग्गज नेताओं के नाम चल रहे हैं। देहरादून बीजेपी के पर्यवेक्षक के तौर पर गए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और दूसरे पर्यवेक्षक उत्तराखंड के प्रभारी महासचिव दुष्यंत गौतम अपनी रिपोर्ट बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को सौंप सकते हैं, जिस पर मंगलवार को बीजेपी की पार्लियामेंट्री कमेटी की बैठक में उत्तराखंड को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है।

सूत्रों की मानें तो उत्तराखंड में सीएम बदलने की तैयारी की रूपरेखा लिखी जा रही है। ऐसे में त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह पार्टी धन सिंह रावत या सतपाल महाराज के नाम पर नए सीएम के तौर पर विधायको के बीच सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। अगर इन दोनों नेताओं पर सहमति नही बनी तो केंद्र की तरफ से नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के नाम बढ़ाये जा सकते है।

भाजपा की ओर से एकाएक बुलाई गई कोर ग्रुप की बैठक ने भाजपा के खेमों में सियासी हलचल मचा दी। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच भाजपा के कुछ खेमों के समर्थक अपने-अपने नेताओं के शपथ ग्रहण की तारीख तक बताने लगे हैं। हर खेमे ने अपने-अपने नेता को मुख्यमंत्री के रूप में पेश करना शुरू कर दिया है। चर्चा यहां तक है कि, एक-दो दिन में विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है। शनिवार सुबह जैसे ही कोर ग्रुप की बैठक की खबर आई, उसी के साथ विपक्ष, राजनैतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भाजपा के भीतर भी ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ की चर्चाएं चलने लगीं। दावेदारों में मुख्य रूप से राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के नाम सामने आए। सोशल मीडिया में यह भी चला कि, कोर ग्रुप की बैठक से पहले सांसद बलूनी ने हाईकमान से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री डॉ. निशंक के बारे में कहा गया कि, वह बैठक में शामिल होने यूपी सरकार के हेलीकॉप्टर से देहरादून पहुंचे और पर्यवेक्षक डॉ. रमन सिंह से जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर मुलाकात की। वहीं, सतपाल महाराज के समर्थक पूरे जोश में दिखाई दिए। इनमें से कुछ तो महाराज के शपथ ग्रहण की तारीख तक बताने लगे। हालांकि, नेतृत्व परिवर्तन होगा या नहीं, भाजपा ने आधिकारिक तौर पर इस पर अभी कुछ नहीं कहा है।
देहरादून में मचे सियासी बवंडर के बीच, भाजपा ने अपने दिग्गज नेताओं को देश के अलग-अलग शहरों से देहरादून पहुंचने का हुक्म दिया। इसके बाद जो जहां था, वहीं से सीधे देहरादून के लिए उड़ चला। पर्यवेक्षक रमन सिंह दिल्ली से आए तो प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार बंगाल से देहरादून के लिए उड़े। शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को लखनऊ से देहरादून भेजा गया। देर शाम बैठक के बाद डॉ. रमन सिंह सभी की राय लेकर दिल्ली रवाना हो गए। वे बैठक का ब्योरा हाईकमान के सामने रखेंगे। अंतिम फैसला हाईकमान लेगा।
Next Story