CM भूपेश ही रहेंगे मुख्यमंत्री : 50 ओवर के वनडे मैच की तरह रहा 50 घंटे का रोमांच….नॉट आउट बैट्समैन बनकर क्रीज पर डटे रहे भूपेश बघेल…..

रायपुर 27 अगस्त 2021। छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन की तमाम अटकलें फिलहाल खत्म हो गयी है। राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ दौरे के लिए भूपेश बघेल ने बतौर मुख्यमंत्री आमंत्रित किया, जिसे राहुल गांधी ने स्वीकार भी किया। जाहिर है, मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ आना ही उन तमाम सवालों को जवाब है, जो पिछले 48 घंटे से छत्तीसगढ़ की सियासी फिजां में तैर रहे थे। कल से विधायकों-मंत्रियों का दिल्ली कूच करना….आज सुबह मुख्यमंत्री का मंत्रियों और 9 विधायकों संग दिल्ली रवाना होना…और, राहुल गांधी संग घंटों की बैठक….इन हालातों में दिल्ली से लेकर रायपुर तक की सांसें थमी हुई थी।
चुनाव के बाद काउंटिंग के दिन के जो हालात होते हैं, उससे ज्यादा नहीं तो कमतर हालात छत्तीसगढ़वासियों के नहीं थे, लोग हर मिनट या तो टीवी से चिपके या फिर न्यूज पोर्टल की अपडेट तलाश रहे थे, इस सस्पेंस के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का राहुल गांधी के बंगले से निकलकर उनके छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी भर देना ही कई बैचेनियों को सुकून दे गया।
AICC मुख्यालय में जुटे विधायकों ने भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बाइट को टीवी के जरिये ही पहली बार सुना तो वहां सभी के चेहरे पर मुस्कुराहट बिखर गयी। जो विधायक आधी रात से रतजगा कर पूरा दिन पुनिया के बंगले से लेकर AICC मुख्यालय तक की दूरियां नाप रहे थे, उन्हें राहुल गांधी के दौरे की जानकारी ने मानों संजीवनी दे दिया। मुरझाये विधायकों के चेहरे की खुशियों पर चार चांद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के AICC पहुंचने के बाद लग गया। मुख्यमंत्री ने AICC में जाकर सभी विधायकों से जब ये कहा कि …
“राहुल जी आप सभी से आपके ही इलाके में जाकर मिलेंगे, आपके क्षेत्र के विकास को देखेंगे, राहुल जी छत्तीसगढ़ के हर इलाके में जायेंगे, और वहां जाकर रूकेंगे और आपलोगों से चर्चा भी करेंगे”
तो, विधायकों को मानों ऐसा लगा जैसे उनकी मुरादें पूरी हो गयी है। फिर क्या था, तालियां भी बजी और नारे भी गूंजे। हालांकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने AICC मुख्यालय में नारेबाजी को लेकर तुरंत ही सभी को चुप कराया। उसके बाद कई नेताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्रियों संग सेल्फी भी ली। सेल्फी में सभी के चेहरे खिले हुए थे…सभी के चेहरे पर सुकून था और एक जीत का अहसास था। मुख्यमंत्री की बातों को सुनने के बाद ही सभी विधायक AICC से वापस अपने-अपने होटलों में लौटने लगे।
