Begin typing your search above and press return to search.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और यूपी के डिप्टी सीएम को बर्खास्त करने की मांग की, पूछा- क्या लखीमपुर जाने के लिए वीजा- पासपोर्ट लगेगा?

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और यूपी के डिप्टी सीएम को बर्खास्त करने की मांग की, पूछा- क्या लखीमपुर जाने के लिए वीजा- पासपोर्ट लगेगा?
X
By NPG News

रायपुर, 3 अक्टूबर2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में हुई घटना के लिए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अंग्रेजों के रास्ते पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा को किसानों से कोई लेना देना नहीं है। वह शुरू से ही किसानों के खिलाफ रहे हैं। किसानों की आवाज को दबाते रहे हैं। लखीमपुर में जो घटना घटी उसे दबाने की कोशिश की जा रही है। यही वजह है कि कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी को रोका गया है। उनके (बघेल) साथ पंजाब के डिप्टी सीएम को भी उत्तर प्रदेश जाने की अनुमति नहीं दी गई है। मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या लखीमपुर जाने के लिए वीजा पासपोर्ट की जरूरत पड़ती है? उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र को तत्काल बर्खास्त करने और उनके बेटे पर जिन धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है, उन धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलगेर की घटना के बाद भाजपा समेत कई सामाजिक संगठन के लोग मिलने गए थे। सीएम हाउस में भी परिजनों को बुलाकर मुख्यमंत्री ने बात की थी। इसके विपरीत लखीमपुर जाने से विपक्ष के नेताओं को रोका जा रहा है। इससे पहले भी जब ऐसी घटनाएं हुई है, तब कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की है।

Next Story