Vishnudeo Cabinet Reshulle: नए मंत्रियों में गजेंद्र यादव का नाम फायनल, इन 5 में से कोई एक या दो बन सकता है मंत्री, जानिये क्या कोई मंत्री ड्रॉप होगा?
Vishnudeo Cabinet Reshulle: मंत्रिमंडल विस्तार अब लगभग पक्का हो गया है। 18 या 19 अगस्त को राज्यपाल नए मंत्रियों को शपथ दिला सकते हैं। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजभवन पहुंचे हैं। अभी यह तय नहीं है कि दो मंत्री शपथ लेंगे या तीन। हो सकता है कि एक मंत्री का पद अभी खाली रखा जाए। नए मंत्रियों में गजेंद्र यादव का नाम हंड्रेड परसेंट निश्चित माना जा रहा। बाकी इन पांच में से एक या दो नए मंत्री हो सकते हैं।

Vishnudeo Cabinet Reshulle
Vishnudeo Cabinet Reshulle: रायपुर। आखिरकार विष्णुदेव साय कैबिनेट के बहुप्रतीक्षित विस्तार का समय अब आ गया है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें दो-एक दिन से चल रही थीं मगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आज सुबह बयान के बाद अटकलें तेज हो गई थी। इसी बीच आज शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्यपाल रामेन डेका से मिलने राजभवन पहुंच गए। इससे इस संभावना पर मुहर लग गई।
नए मंत्रियों में गजेंद्र यादव का नाम तय-
अभी ये तय नहीं कि दो मंत्री शपथ लेंगे या तीन मगर यह तय है कि इनमें एक नाम गजेंद यादव का होगा। उनके नाम पर कोई संशय नहीं है। बिहार इलेक्शन को देखते गजेंद्र के नाम पर कोई किंतु-परंतु नहीं है। फिर वे खाटी संघ परिवार से भी आते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कल ही लाल किले के प्राचीर से भाषण देते हुए संघ की खुलकर तारीफ की थी। इसलिए, गजेंद्र को मंत्री बनने में कोई रोड़ा नहीं है। फिर बिहार विधानसभा चुनाव में यादव वोटरों को रिझाने में उनका उपयोग भी किया जाएगा।
इन पांच में से एक या दो नाम-
गजेंद्र के अलावा एक या दो मंत्री और शपथ लेंगे। संभावित चेहरों में अमर अग्रवाल, लता उसेंडी, राजेश अग्रवाल, संपत अग्रवाल और गुरू खुशवंत साहेब का नाम शामिल है। पार्टी के रणनीतिकार मानते हैं कि मंत्रिमंडल में किसी अग्रवाल को शामिल किया जाना चाहिए मगर कौन? इस पर अभी कोई मुंह खोलने तैयार नहीं। अग्रवाल विधायकों में तीन नाम प्रबल हैं। अमर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल और संपत अग्रवाल। इन तीन में से कोई एक अग्रवाल मंत्री बनेगा। इनके अलावे लता उसेंडी और गुरू खुशवंत साहेब में से भी कोई किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है। अगर अनुसूचित जाति के वोटों को साधने की दृष्टि से देखें तो गुरू खुशवंत साहेब भी शपथ ले सकते हैं। हालांकि, आदिवासी महिला विधायक लता उसेंडी की पैरोकारी भी मजबूत है।
कोई मंत्री ड्रॉप होगा?
कुछ दिनों से ऐसी चर्चाएं थी कि दो-एक मंत्रियों को पुअर पारफर्मेंस के आधार पर दो-एक मंत्रियों को ड्रॉप किया जा सकता है। मगर अभी किसी मंत्री के ड्रॉप होने की खबर नहीं है। मगर अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल मंत्री बनते हैं तो फिर क्षेत्रीय असंतुलन बढ़ेगा। तब सरगुजा संभाग से मुख्यमंत्री के साथ पांच मंत्री हो जाएंगे। इस समय रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल और लक्ष्मी राजवाड़े मंत्री हैं। राजेश अग्रवाल अगर मंत्री बनते हैं तो फिर संख्या चार हो जाएगी।
बहरहाल, विष्णुदेव साय कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार दो-एक दिन में हो सकता है। एनपीजी के विश्वस्त सूत्रों ने कहा है कि अधिकतम संभावना है 18 अगस्त को विस्तार हो जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसी सिलसिले में अब से थोड़ी देर पहले राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे हैं।
एनपीजी न्यूज से बातचीत में उच्च पदस्थ सूत्रों ने तस्दीक की है कि मंत्रिमंडल विस्तार अब कोई अड़चन नहीं है। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी आज मीडिया से बात करते हुए संकेत दिए थे कि अब किसी भी दिन मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा।
