Begin typing your search above and press return to search.

सरगुजा में छुई खदान धंसने से 2 ग्रामीणों की मौत, सुरंग से निकाल रहे थे मिट्टी, तभी ऊपर का हिस्सा गिरा

सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के जमदरा में छुई खदान में धंसकर 2 लोगों की मौत हो गई है। दोनों ग्रामीण छुई मिट्टी निकालने के लिए सुरंग में घुसे थे, इसी दौरान खदान धंसने से बड़ा हादसा हो गया।

सरगुजा में छुई खदान धंसने से 2 ग्रामीणों की मौत, सुरंग से निकाल रहे थे मिट्टी, तभी ऊपर का हिस्सा गिरा
X
By Pragya Prasad

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहां लखनपुर थाना क्षेत्र के जमदरा में छुई खदान में धंसकर 2 लोगों की मौत हो गई है। दोनों ग्रामीण छुई मिट्टी निकालने के लिए सुरंग में घुसे थे, इसी दौरान खदान धंसने से बड़ा हादसा हो गया।

मलबे में दबकर गई दो लोगों की जान

दोनों गांववाले खदान धंसने से इसके मलबे में दब गए। आनन-फानन में गांववालों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी की मौत हो चुकी थी। सूचना पर सबसे पहले कुन्नी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

छुई मिट्टी खोदते वक्त ऊपर का हिस्सा गिरा

बताया जा रहा है कि हीरामन यादव और शिवा यादव नाम के दोनों ग्रामीण दूसरे साथियों के साथ छुई मिट्टी निकालने पहुंचे थे। इनमें से हीरामन और शिवा टीले के नीचे सुंरगनुमा खदान के अंदर घुसे थे। दोनों अंदर छुई मिट्टी खोद रहे थे, तभी ऊपर का हिस्सा गिर गया। दोनों मिट्टी के बड़े ढेर में दब गए। अन्य साथियों ने शोर मचाकर बाकी गांववालों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मिट्टी का ढेर हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।

दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया

गांववालों की सूचना पर तत्काल कुन्नी पुलिस पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। गांववालों ने बताया कि लगातार छुई मिट्टी निकालने के चलते यहां सुरंग जासी बन गई थी।

महीनेभर पहले भी गई थी महिला की जान

बता दें कि ये कोई पहला हादसा नहीं है, जब छुई मिट्टी निकालते वक्त किसी की जान गई है। अभी महीनेभर पहले ही सरगुजा जिले में छुई मिट्टी निकालने गईं 3 महिलाएं खदान धंस जाने के चलते मलबे में दब गई थीं। इनमें से एक महिला की जान चली गई थी। घटना सूरजपुर थाना क्षेत्र के गेतरा में हुई थी। मृतक महिला का नाम फुलकुंवर था। बाकी की 2 महिलाओं की जान इलाज के बाद बच गई थी।

7 महीने पहले भी युवक की हुई थी मौत

वहीं 7 महीने पहले भी सूरजपुर जिले में छुई मिट्‌टी की खदान धंसने से एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि एक महिला की जान जैसे-तैसे बच सकी थी। हादसा छुई मिट्‌टी निकालने के दौरान हुआ था। ओड़गी विकासखंड के लांजित निवासी 5 लोग गांव के बाहर छुई खदान से मिट्‌टी निकालने के लिए गए थे। खदान से मिट्‌टी निकालने के दौरान सुरंग जैसी बन गई थी। इसी में घुसकर ग्रामीणों ने मिट्‌टी निकाली और बाहर आने लगे।

अचानक धंसी थी खदान

तभी अचानक से खदान धंस गई थी। इसमें राजमन कुर्रे, सुमित्रा गुर्जर सुखेंद्र गुर्जर दब गए। खदान के ऊपरी हिस्से की मिट्टी के साथ पत्थर भी गिरने से सुरंग पूरी तरह बंद हो गई थी। इनमें से राजमन कुर्रे की मौत हो गई थी।

Pragya Prasad

पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का लंबा अनुभव। दूरदर्शन मध्यप्रदेश, ईटीवी न्यूज चैनल, जी 24 घंटे छत्तीसगढ़, आईबीसी 24, न्यूज 24/लल्लूराम डॉट कॉम, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद अब नया सफर NPG के साथ।

Read MoreRead Less

Next Story